आगरा की भीमनगरी के उद्घाटन हेतु रक्षामंत्री को न्योता, 15 अप्रैल से जीआईसी ग्राउंड में तीन दिवसीय आयोजन

आगरा के जीआईसी ग्राउंड में 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक आयोजित होने वाली 31वीं भीमनगरी के उद्घाटन समारोह के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और भीमनगरी आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में उनके आवास पर पहुंचकर औपचारिक निमंत्रण सौंपा। आयोजन में उद्घाटन समारोह, दहेज रहित सामूहिक विवाह और मेधावी सम्मान समारोह जैसे प्रमुख कार्यक्रम होंगे। इस बार भीमनगरी का भव्य महल भी मुख्य आकर्षण रहेगा।

Apr 6, 2026 - 23:13
 0
आगरा की भीमनगरी के उद्घाटन हेतु रक्षामंत्री को न्योता, 15 अप्रैल से जीआईसी ग्राउंड में तीन दिवसीय आयोजन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भीमनगरी के उद्घाटन का आमंत्रण देते केन्द्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और आयोजन समिति के पदाधिकारी राहुल सागर, सुभाष सागर आदि।

आगरा। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगरा के जीआईसी ग्राउंड में आयोजित होने जा रही 31वीं भीमनगरी के उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को दिल्ली स्थित आवास पर भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में औपचारिक आमंत्रण दिया गया।

यह निमंत्रण केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं भीमनगरी आयोजन समिति, ग्यासपुरा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने रक्षामंत्री को आयोजन की भव्यता, ऐतिहासिक महत्व और सामाजिक संदेश से अवगत कराते हुए 15 अप्रैल को होने वाले 31वें भीमनगरी उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक डॉ. अम्बेडकर जयंती को बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। यह तीन दिवसीय आयोजन सामाजिक समरसता, जनजागरण और समाजोत्थान का संदेश देगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 15 अप्रैल को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जिसमें भीमनगरी का उद्घाटन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके बाद 16 अप्रैल को दहेज रहित सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा, जो समाज में सकारात्मक बदलाव और कुरीतियों के खिलाफ एक सशक्त संदेश देगा। वहीं 17 अप्रैल को मेधावी सम्मान समारोह के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।

भाजपा महानगर उपाध्यक्ष राहुल सागर ने बताया कि इस वर्ष भीमनगरी का स्वरूप पहले से अधिक आकर्षक और भव्य बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भीमनगरी का महल लगातार कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है और अब यह धीरे-धीरे अपना विशाल व भव्य आकार लेने लगा है। आयोजन स्थल पर सजावट, संरचना और व्यवस्थाओं को लेकर जोर-शोर से काम चल रहा है।

इस अवसर पर मौजूद प्रतिनिधिमंडल में संयोजक राहुल सागर, अध्यक्ष सुभाष सागर, सचिव वीर प्रकाश बंटी और कोषाध्यक्ष संजय सिंह शामिल रहे। आयोजन समिति ने विश्वास जताया कि इस बार की भीमनगरी न केवल भव्यता के नए आयाम स्थापित करेगी, बल्कि सामाजिक चेतना और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का भी कार्य करेगी।