आगरा में शमशाबाद के हीरापुरा में ‘विकसित भारत–जी राम जी’ अभियान की गूंज
शमशाबाद के ग्राम हीरापुरा में विकसित भारत–जी राम जी अभियान के तहत किसान-श्रमिक जन चौपाल का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि सांसद राजकुमार चाहर ने प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प, श्रमिकों के लिए बढ़ाए गए रोजगार अवसरों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, श्रमिक और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
किसान-श्रमिक जन चौपाल में सांसद राजकुमार चाहर ने रखा आत्मनिर्भर भारत का विज़न
आगरा (शमशाबाद)। शमशाबाद विकासखंड के ग्राम हीरापुरा में विकसित भारत–जी राम जी अभियान के अंतर्गत आयोजित किसान-श्रमिक जन चौपाल का आयोजन ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्य अतिथि के रूप में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों, श्रमिकों और ग्रामीणों को संबोधित किया।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘विकसित भारत’ का संकल्प एक नारा नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान और श्रमिक के सर्वांगीण उत्थान का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने कहा कि आज किसान और श्रमिक आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं और केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
जी राम जी अभियान से बढ़ रही जनभागीदारी
सांसद चाहर ने कहा कि ‘विकसित भारत–जी राम जी’ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी लगातार मजबूत हो रही है। किसान और श्रमिक राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में पूरी निष्ठा और संकल्प के साथ सहभागी बन रहे हैं।
श्रमिकों के हित में ऐतिहासिक फैसले
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने श्रमिकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया जाना श्रमिक वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
कांग्रेस पर तीखा हमला
सांसद चाहर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों को गुमराह करने का कार्य कर रही है, जबकि वर्तमान सरकार ठोस नीतियों, पारदर्शी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और श्रमिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचा रही है।
विधायक का ग्रामीणों से आह्वान
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक छोटेलाल वर्मा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि इस तरह की चौपालों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर विकसित भारत के संकल्प को जमीनी स्तर पर सशक्त करना है।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह, जितेंद्र वर्मा, जिला मंत्री हीरा सिंह, सांसद प्रतिनिधि रंजीत प्रधान, शैलू जादौन, नितिन वर्मा, चेयरमैन अविनाश गुप्ता, देवेंद्र रावत, राजेश कुशवाहा, वीरेंद्र सिंह, सतेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह, शिशुपाल सिंह धाकरे, मंडल अध्यक्ष योगेश बघेल, संदीप गुप्ता, सोनू जादौन, राजू ठाकुर सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान-श्रमिक उपस्थित रहे।