श्री साईं चरण पादुकाओं के दर्शन को दूसरे दिन भी उमड़ पड़े श्रद्धालु, भक्ति की ऊर्जा से सराबोर रहा आगरा

आगरा। आध्यात्मिक अनुग्रह और पावन आभा से भरा वह अद्भुत क्षण, जब शिरडी से पधारी पावन साईं चरण पादुकाओं ने आगरा शहर को अपनी दिव्य उपस्थिति से अनुग्रहीत किया। बुधवार को भावपूर्ण विदाई के साथ इतिहास बन गया। प्रतापपुरा स्थित द रमाना ग्रांड में दो दिनों तक भक्ति की जिस गंगा ने प्रवाह किया वह भक्ति से सराबोर थी। जैसे ही चरण पादुकाएं आगे की यात्रा को रवाना हुईं, परिसर में मौजूद भक्तों की आंखें स्वतः सजल हो उठीं।

Dec 10, 2025 - 18:58
 0
श्री साईं चरण पादुकाओं के दर्शन को दूसरे दिन भी उमड़ पड़े श्रद्धालु, भक्ति की ऊर्जा से सराबोर रहा आगरा
द रमाना ग्रांड में श्री साईं चरण पादुकाओं के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु।

दो दिवसीय साईं चरण पादुका दर्शन महोत्सव का समापन सोमवार को भक्ति, संगीत और आस्था की अद्भुत ऊर्जा के साथ हुआ। द रमाना ग्रांड भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। हर भक्त के चेहरे पर दिव्यता, श्रद्धा और साईं स्मरण का तेज झलक रहा था।

महोत्सव के अंतिम सत्र में डीसीपी पश्चिम जोन अतुल शर्मा, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे, डीजी आरपीएफ (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार, श्री साईं संस्थान विश्वस्तव्यवस्था शिरडी के सीईओ दीपक मोहन, आईआरएस आदित्य प्रकाश भारद्वाज, पूर्व विधायक महेश गोयल, राजीव जोशी एवं राहुल चतुर्वेदी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चरण पादुकाओं के समक्ष शीष नवाकर शांति, सद्भाव और जनकल्याण की कामना की।

समापन का सबसे आत्मीय क्षण था, जब भजन गायक पुनीत खुराना ने भक्ति रस से परिपूर्ण अपनी संध्या प्रस्तुत की। उनके मधुर भजनों ने ऐसा प्रभाव रचा कि पूरा हॉल साईं भक्ति में डूब गया। भक्त दीपक जलाकर, हाथ जोड़कर और ‘साईं राम’ के उद्घोष के साथ भक्ति में लीन रहे।

संयोजक अशोक रैना और अध्यक्ष नितिन कोहली ने भक्ति से जुड़े सभी भक्तों, अतिथियों और प्रशासनिक सहयोगियों का हृदय से धन्यवाद किया।
स्वागत अध्यक्ष अजय गुप्ता और राजेश गोयल ने बताया कि इस महोत्सव ने आगरा में साईं भक्ति का एक नया अध्याय लिख दिया।

SP_Singh AURGURU Editor