ट्रांस यमुना में गूंजा भक्तिरस: संगीतमय श्री चंद्रप्रभ महामंडल विधान सम्पन्न, रथयात्रा के पात्रों का हुआ चयन

आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिकता से भरपूर वातावरण तब निर्मित हो गया जब श्री चंद्रप्रभ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत संगीतमय महामंडल विधान धूमधाम से संपन्न हुआ। विधान के उपरांत आगामी भव्य रथोत्सव के पात्रों का चयन भी उत्साहपूर्वक किया गया।

Dec 7, 2025 - 18:35
 0
ट्रांस यमुना में गूंजा भक्तिरस: संगीतमय श्री चंद्रप्रभ महामंडल विधान सम्पन्न, रथयात्रा के पात्रों का हुआ चयन
ट्रांस यमुना कॊलोनी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को आयोजित जन्म कल्याणक महोत्सव की एक झलक।

आगरा। श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, ट्रांसयमुना कॉलोनी में रविवार को आयोजित श्री चंद्रप्रभ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव के पूर्व संगीतमय श्री चंद्रप्रभ महामंडल विधान श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। विधान का संचालन प्रसिद्ध गायक विवेक जैन द्वारा मधुर भजनों एवं पारंपरिक विधानों के साथ किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को गहरे आध्यात्मिक भाव में डुबो दिया।

विधान के उपरांत मंदिर समिति ने भव्य रथयात्रा के लिए पात्रों का चयन किया। चयनित पात्र इस प्रकार रहे- सौधर्म इंद्र – देवेंद्र जैन, महेंद्र इंद्र – मुकेश जैन, ईशान इंद्र – कमल जैन, सारथी – सुनील जैन, धनपति कुबेर – मुकेशबाबू जैन, जिनवाणी रथ के पात्र – नत्थीलाल जैन।  सभी चयनित पात्रों को उपस्थित समाजजनों ने शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही। विधान में भजनों की मधुर ध्वनि, मंत्रोच्चार और शंख-घंटियों की गूँज से पूरा परिसर पावन अनुभूति से भर गया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश जैन, महामंत्री कुमार मंगलम जैन, कोषाध्यक्ष कैलाशचंद जैन, सांस्कृतिक मंत्री चंद्रप्रकाश जैन सहित संजय जैन, पुष्पेंद्र जैन, नरेशचंद्र जैन, विनीत जैन, सुनील जैन, विजय कुमार जैन, नीलम जैन, कुसुमलता जैन, सरिता जैन, संध्या जैन, बबीता जैन, अंजना जैन, खुशबू जैन आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से आगामी जन्म कल्याणक और रथोत्सव को भव्य बनाने का संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor