धनौली में इंडेन सिलेंडरों का घर में भंडारण किया जा रहा था, आक्रोशित लोगों ने किया हंगामा
आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र के धनौली में इंडेन गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के एक निजी मकान में एक गैस एजेंसी के सिलेंडरों को अवैध रूप से उतारकर भंडारण किया जा रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक वाहन से 30 से अधिक गैस सिलेंडर उतारकर निजी घर में रखे जा रहे थे। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया और सिलेंडरों को पकड़ लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गैस की भारी किल्लत है, जबकि दूसरी ओर खुलेआम कालाबाजारी कर आम उपभोक्ताओं का हक छीना जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाए कि सिलेंडरों में 2 से 3 किलो तक गैस कम दी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं के साथ सीधा आर्थिक शोषण हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे खेल में गैस एजेंसी के कर्मचारियों और मकान मालिक की मिलीभगत है, जिसके चलते लंबे समय से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा था।
हंगामे के बीच लोगों ने गैस एजेंसी के छह सिलेंडरों को घर से जब्त कर लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस कालाबाजारी में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिल सके।