राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक में टीयर्स के धीरेश ने जीते दो मेडल

आगरा। टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेशल ओलंपिक भारत की प्रतियोगिता में पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है।

Feb 9, 2026 - 18:38
 0
राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक में टीयर्स के धीरेश ने जीते दो मेडल
राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक में मेडल जीतने वाला टीयर्स का खिलाड़ी धीरेश।

स्पेशल ओलंपिक भारत द्वारा राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता का आयोजन 2 फरवरी से 7 फरवरी 2026 तक रोहतक, हरियाणा में किया गया, जिसमें देश के 38 राज्यों से लगभग 600 दिव्यांग खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आगरा का प्रतिनिधित्व करते हुए टीयर्स संस्थान के खिलाड़ी धीरेश ने एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और 400 मीटर दौड़ में ब्रांज मेडल तथा 800 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

टीयर्स के खिलाड़ियों का प्रदर्शन इससे पहले भी सराहनीय रहा है। राज्य स्तरीय स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स प्रतियोगिता, जो 28 जनवरी 2026 को मथुरा के गणेशरा स्टेडियम में आयोजित की गई थी, उसमें भी संस्थान के छात्रों ने कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में सनी ने शॉट पुट में गोल्ड पदक, धीरेश ने 800 मीटर दौड़ में गोल्ड पदक, अंकुश ने 50 मीटर दौड़ में सिल्वर, गुलजार ने 50 मीटर दौड़ में सिल्वर, जैद ने शॉट पुट में सिल्वर, अतुल ने 400 मीटर दौड़ में सिल्वर, रितेश ने 1500 मीटर दौड़ में सिल्वर, रोहित श्रीवास्तव ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर, वेद ने 50 मीटर दौड़ में ब्रांज, रिहान ने 200 मीटर दौड़ में ब्रांज, अतुल ने 800 मीटर दौड़ में ब्रांज तथा शशांक ने 1500 मीटर दौड़ में ब्रांज पदक हासिल किया।

टीयर्स संस्थान की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्पेशल ओलंपिक में बच्चों द्वारा पदक प्राप्त करने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि दिव्यांग खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और समर्पण का परिणाम है।

SP_Singh AURGURU Editor