आगरा में धर्मांतरण का घिनौना खेल! मांस खिलाकर और खून पिलाकर बनाते थे ईसाई

आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र के केदारनगर में चल रहे धर्मांतरण के गंदे धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े सरगना राजकुमार लालवानी ने खुद स्वीकार किया कि उसने पिछले चार साल में बहुत सारे लोगों को क्रिश्चियन बनाया। उसका तरीका इतना चौंकाने वाला था कि प्रार्थना सभा में जो लोग मांस खा लेते और खून पी लेते थे, उन्हें क्रिश्चियन मान लिया जाता था। लालवानी के मुताबिक धर्मांतरण के नाम पर वह कोई सर्टिफिकेट नहीं देता था, बल्कि अंधविश्वास और प्रलोभन के सहारे लोगों को फंसाता था।

Sep 2, 2025 - 18:08
 0
आगरा में धर्मांतरण का घिनौना खेल! मांस खिलाकर और खून पिलाकर बनाते थे ईसाई
शाहगंज पुलिस द्वारा केदार नगर में गरीब परिवारों के लोगों को ईसाई बनाने का काम कर रहे गैंग के बारे में बताते डीसीपी सिटी सोनम कुमार। साथ हैं अन्य पुलिस अधिकारी। दोनों चित्रों में अभियुक्त राजकुमार लालवानी समेत अन्य अभियुक्त भी हैं।

-पुलिस ने सरगना राज कुमार लालवानी और तीन महिलाओं समेत आठ अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

आगरा में धर्मांतरण का यह खेल अंधविश्वास, प्रलोभन और धोखे पर टिका था। इस गैंग के निशाने पर सिंधी समाज और जाटव समाज के गरीब परिवार होते थे। लालवानी और उसका गिरोह मांस और खून का सहारा लेकर लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर रहा था। अब पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद यह गिरोह पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।

उल्हासनगर से ईसाई धर्म अपनाया और आगरा आकर शुरू किया खेल

राजकुमार लालवानी ने लगभग चार साल पहले उल्हासनगर (महाराष्ट्र) में धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया था। इसके बाद उसने आगरा लौटकर अपने घर पर हर रविवार प्रार्थना सभा शुरू की। बीमारी से छुटकारा दिलाने और चमत्कार दिखाने के नाम पर वह गरीब और कमजोर लोगों को फांसता था। इसी काम के लिए उसने अपने साथ अनूप कुमार, कमल कुंडलानी, जय कुमार और तीन महिलाओं को जोड़ रखा था। यही लोग परेशान लोगों को उसके पास लेकर पहुंचते थे।

बीमारी ठीक करने और चमत्कार दिखाने का झांसा

लालवानी और उसका गिरोह लोगों को यह कहकर अपने पास बुलाता कि ईसा मसीह की प्रार्थना से बीमारियां ठीक हो जाएंगी। सभा में चमत्कार का दिखावा किया जाता, झाड़-फूंक कराई जाती और भक्ति गीत गवाए जाते। गिरफ्तार तीनों महिलाएं भी अधिवक्ताओं के जरिए झाड़-फूंक की प्रक्रिया में शामिल थीं। इस दौरान जमा हुआ धन सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।

हिंदू पूजा पद्धति त्यागने के लिए कहा जाता था

राज कुमार लालवानी अपने घर पर लोगों को ईसाई बनाते समय उनसे कहा करता था कि अपने घर से हिंदी देवी देवताओं के चित्र हटा दें। पूजा पाठ बंद कर दें। हिंदू त्योहार न मनाएं। इसी दौरान वह ईसा मसीह की प्रार्थना भी कराता था।

व्हाट्सऐप ग्रुप और यू-ट्यूब चैनल से फैलाता था धर्मांतरण

राजकुमार लालवानी ने “Church of God Agra” नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया हुआ था, जिसमें 86 सदस्य जुड़े हुए थे। इस पर धर्मांतरण की गतिविधियां शेयर की जाती थीं। यही नहीं, उसने इसी नाम से एक यू-ट्यूब चैनल भी बनाया था, जहां हर रविवार की गतिविधियां अपलोड की जाती थीं। चैनल से उसे विज्ञापनों से कमाई भी होती थी।

बाइबिल और गीतों की किताबें होती थीं हथियार

गिरोह लोगों को प्रभावित करने के लिए बाइबिल और ईसा मसीह के भक्ति गीतों की किताबें बांटता था। इन्हीं किताबों से प्रार्थना कराई जाती और गाने गवाए जाते। पुलिस ने घर से 15 बाइबिल, तीन ईसाई गीतों की किताबें, चार डायरी, आठ कॉपियां व रजिस्टर, छह मोबाइल फोन, दो कार और 13,165 रुपये नकद बरामद किए।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब घनश्याम हेमलानी नामक युवक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सादी वर्दी में पीड़ित बनकर लालवानी के घर दबिश दी और सबूत जुटाने के बाद पूरे गिरोह को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिस टीम

गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार लालवानी पुत्र स्व. गुलाब राय, निवासी केदारनगर, अनूप कुमार पुत्र स्व. फूलसहाय, निवासी पंचशील कॉलोनी, शाहगंज, कमल कुंडलानी पुत्र स्व. मनोहर लाल, निवासी राहुल ग्रीन, दयालबाग, जय कुमार पुत्र स्व. वासुदेव मल, निवासी राधे हाइट्स, शास्त्रीपुरम, अरुण कुमार पुत्र शिव सिंह, निवासी बारहखंभा, आगरा और तीन महिला आरोपी शामिल हैं।

इस गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक बिरेश पाल सिंह, उपनिरीक्षक देवव्रत एम. पांडेय, प्रभात कुमार, राहुल शर्मा, वैभव राठी, अभय तिवारी, कोमल पांडेय, हेड कांस्टेबल रूपेश भारती और कांस्टेबल शीशपाल शामिल थे।

बरामद डायरियों में मिले साक्ष्य

पुलिस द्वारा लालवानी के घर से बरामद की गई डायरियों, फोन और रजिस्टरों से धर्मांतरण गिरोह में बाहर के भी तमाम लोगों के शामिल होने के साक्ष्य मिले हैं जो धर्म परिवर्तन कराते हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor