दिशा की बैठकः एयरपोर्ट से मलपुरा तक बनेगा फोरलेन रोड, खेरिया मोड़ पर होगा इनडोर स्टेडियम

  आगरा में बुधवार को हुई जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में जिले के समग्र विकास को लेकर महत्त्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा के साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध क्रियान्वयन पर ज़ोर दिया गया। निर्देशों के अमल से जल्द ही जनता को विकास की जमीनी तस्वीर देखने को मिलेगी।

Jul 2, 2025 - 22:18
 0
दिशा की बैठकः एयरपोर्ट से मलपुरा तक बनेगा फोरलेन रोड, खेरिया मोड़ पर होगा इनडोर स्टेडियम
दिशा की बैठक की अध्यक्षता करते सांसद राज कुमार चाहर। चित्र में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद नवीन जैन, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक बाबूलाल, डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी एवं अन्य।

-दिशा की बैठक में विकास की कई योजनाओं को मिली रफ्तार, पालीवाल पार्क का सौंदर्यीकरण होगा, सब्जी मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण हटेंगे

आगरा। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति "दिशा" की बुधवार को विकास भवन सभागार में हुई बैठक में विकास से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता दिशा के अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने की, जबकि विशेष आमंत्रित के रूप में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल सहित आगरा जनपद के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारियों की उपस्थिति रही।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी व मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह द्वारा जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई। जनप्रतिनिधियों ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र की स्थापना हेतु आभार ज्ञापित किया।

महत्वपूर्ण निर्णय और घोषणाएं

खेरिया मोड़, अजित नगर में इनडोर स्टेडियम का निर्माण: खेरिया मोड क्षेत्र में अजीत नगर में राजकीय भूमि पर बनने वाले इंडोर स्टेडियम के लिए कोई विधिक रुकावट नहीं है। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।

एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से मलपुरा तक फोर लेन रोड: बैठक में इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना की पुष्टि की गई जिससे यातायात सुगम होगा और औद्योगिक विकास को बल मिलेगा।पालीवाल पार्क संवारा जाएगा, सब्जी मंडी से अतिक्रमण हटेंगेः बैठक में निर्देश दिए गए कि पार्क को पर्यावरणीय दृष्टि से संवारा जाए और सिकंदरा स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय समीक्षा और निर्देश

मनरेगा: वित्तीय वर्ष 2024-25 में 45.43 लाख मानव दिवस सृजित हुए। खंदौली ब्लॉक में अपूर्ण पंचायत भवन की जांच व ज़िम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश।

जल जीवन मिशन: पाइपलाइन कार्य पूर्ण, डब्ल्यूटीपी जनवरी तक तैयार होगा, पेयजल आपूर्ति में 15 माह लगेंगे। सब कॉन्ट्रैक्टर के कार्य पर आपत्ति जताई गई।

अमृत 2.0 योजना: ताजगंज और बंदू कटरा में कार्य हेतु संशोधित डीपीआर में सभी बस्तियों को शामिल करने के निर्देश।

जल निगम: कई क्षेत्रों में सीवर कनेक्शन लंबित, ओवरफ्लो से किसानों को नुकसान। जिलाधिकारी को कमेटी गठित कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश।

स्मार्ट सिटी: रामलीला ग्राउंड का रेस्टोरेशन कार्य मेट्रो विभाग को शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

शिक्षा विभाग: प्रोजेक्ट अलंकार के तहत कार्यों की समीक्षा, खेरागढ़ में इंटर कॉलेज निर्माण में विलंब पर असंतोष। आगरा कॉलेज के पास सरकारी कॉलेज खोलने का प्रस्ताव।

मंडी परिषद: सिकंदरा फल मंडी में अवैध वसूली और अतिक्रमण पर सख्त नाराज़गी। मंडी सचिव के अनुपस्थित रहने पर जवाब तलब।

बेसिक शिक्षा: जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, मिड डे मील की निगरानी, ड्रॉपआउट छात्रों की पहचान के निर्देश।

स्वास्थ्य विभाग: पोस्टमार्टम हाउस की व्यवस्था, गलत मेडिकल रिपोर्ट पर डॉक्तर्स पर कार्रवाई के निर्देश।

पीडब्ल्यूडी और ग्रामीण सड़कें: नई सड़कें, चौड़ीकरण, संपर्क मार्गों का निर्माण प्राथमिकता पर।

लघु सिंचाई, विद्युत, समाज कल्याण: ड्रिप सिंचाई, राशन वितरण में पारदर्शिता और व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश।

कृषि विभाग: पीएम किसान सम्मान निधि, डीएपी की उपलब्धता और सोलर पंप योजना पर चर्चा। वन विभाग द्वारा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।

बैठक में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में राज्यसभा सांसद: नवीन जैनस विधायकगण: पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, चौ. बाबूलाल, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, महापौर: श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह, एमएलसी: विजय शिवहरे और आकाश अग्रवाल आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों में डीएम और सीडीओ के अलावा अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, डीएफओ राजेश कुमार, एडीए सचिव श्रद्धा शांडिल्य आदि की मौजूदगी रही।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor