जिला पंचायत अध्यक्ष ने सीएम को बताया, आगरा की कई नदियां जल शून्य

आगरा। आगरा की जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष आगरा की प्रमुख नदियों में पानी की कमी का मुद्दा उठाया और वे उपाय करने का आग्रह किया जिससे कि इन नदियों में वर्ष भर पानी बना रहे। इस मुलाकात में पूर्व विधायक डॊ. राजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

Apr 3, 2025 - 15:37
Apr 3, 2025 - 15:45
 0
जिला पंचायत अध्यक्ष ने सीएम को बताया, आगरा की कई नदियां जल शून्य
लखनऊ स्थित आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते पूर्व विधायक डॉ राजेंद्र सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया।  

-उटंगन नदी में पानी छुड़वाकर रिहावली पर बांध बनाने की मांग भी की

-चंबल में यूपी के हिस्से का पानी मिले, यमुना पर रिवर फ्रंट बनाया जाए

-सीएम ने कहा-एक अनापत्ति मिलते ही शुरू होगा आगरा में बैराज निर्माण

जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजू भदौरिया और पूर्व विधायक डॊ. राजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष आगरा के ग्रामीण अंचल की जल समस्या को रखा और बताया कि सात नदियों वाला जिला होने के बाद भी आगरा जल संकट से जूझता है। उन्होंने कहा कि आगरा में यमुना, चंबल, उटंगन, खारी, किवाड़, क्वारी, बाणगंगा आदि नदियां बहती हैं। 

उन्होंने बताया कि चम्बल में मध्य प्रदेश और राजस्थान में बांध बनाकर पानी रोक लिया जाता है। बहुत कम पानी आगरा को मिल पाता है। बारिश होने पर राजस्थान के बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़ दिया जाता है जिससे आगरा में बाढ़ की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने मांग की कि चम्बल में समुचित पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

यमुना का जिक्र करते हुए सीएम को बताया गया कि एक तो यमुना में पानी की मात्रा बहुत कम हो गई है और ऊपर से भारी प्रदूषण है। मथुरा, वृंदावन के अलावा आगरा में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तो हैं, लेकिन ये काम नहीं कर रहे, जिससे यमुना में प्रदूषण और अधिक बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि आगरा में यमुना रिवर फ्रंट विकसित किया जाए और बंद चल रहे एसटीपी को क्रियाशील किया जाए।

मुख्यमंत्री को बताया कि उक्त नदियों के अलावा शेष पांच नदियां जल शून्य की स्थिति में पहुंच चुकी हैं। इससे इन नदियों से जुड़े क्षेत्रों में जलस्तर तेजी से गिर रहा है। उटंगन नदी में पहले साल भर पानी रहता था। राजस्थान में पांचना बांध पर उटंगन का पानी रोक लिया गया है। पांचना बांध से आगरा के हिस्से का पानी छुड़वाने के साथ ही आगरा में रिहावली पर बांध भी बनाया जाए। इसी प्रकार खारी, किवाड़, बाणगंगा आदि में वर्ष भर पानी रहे, इसके इंतजाम किये जाएं क्योंकि ये नदियां बरसाती नदी बनकर रह गई हैं।

डॉ मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री से कहा की शमसाबाद के राजकीय विद्यालय खोलने और फतेहाबाद में दो पशु चिकित्सालयों की भी मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों को त्वरित कराए जाने की भी मांग की।

पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह द्वारा आगरा बैराज की ओर ध्यान दिलाए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगरा में नगला पैमा पर बैराज का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसकी अधिकांश अनापत्तियां मिल चुकी हैं। एक अनापत्ति शेष है। उसके मिलते ही बैराज का निर्माण शुरू हो जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक की मांगों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री से आगरा की विकास योजनाओं के साथ समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।

SP_Singh AURGURU Editor