टीएमसी से टूटे सांसदों में बीजेपी और एनडीए को लेकर मतभेद, तीन मुस्लिम सांसदों ने बना ली दूरी, मीटिंग में भी नहीं गए
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से अलग होकर एनसीपीआई बनाने वाले सांसदों में एनडीए के समर्थन को लेकर दरार पड़ गई है।
नई दिल्ली । तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से टूटकर एनसीपीआई में शामिल हुए सांसदों में बीजेपी और एनडीए के साथ जाने को लेकर मतभेद हैं और अब वे खुलकर इसे बताने भी लगे हैं। टीएमसी से टूटकर एनसीपीआई में गए 20 सांसदों में से तीन सांसदों ने साफ किया है कि वे बीजेपी या एनडीए के साथ नहीं हैं। न ही वे बीजेपी की एनडीए संसदीय दल की मीटिंग में शामिल हुए। तीनों सांसद ही मुस्लिम समुदाय से हैं और बंगाल की मुस्लिम बहुल इलाके मुर्शिदाबाद की ही अलग अलग लोकसभा सीट से सांसद हैं।
सोमवार की रात एनसीपीआई के लोकसभा नेता सुदीप बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मंगलवार को सुदीप बनर्जी और एनसीपीआई के कुछ और सांसद एनडीए की संसदीय दल की मीटिंग में शामिल हुए। लेकिन अबू ताहेर, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान संसद में होने के बावजूद एनडीए संसदीय दल की मीटिंग में नहीं गए।
अबू ताहेर ने साफ कहा कि हम बीजेपी या एनडीए के साथ नहीं हैं, इसलिए एनडीए की मीटिंग में जाने का कोई मतलब नहीं है। यह भी ध्यान देने योग्य है कि जब टीएमसी के सांसद एनसीपीआई में आए और लोकसभा में खुद को अलग ग्रुप के रूप में मान्यता देने की मांग करते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की थी, तब कहा था कि एनसीपीआई एनडीए के साथ है। पिछले मंगलवार को पहली बार एनसीपीआई के कई सांसद एनडीए संसदीय दल की मीटिंग में शामिल भी हुए थे, तब भी ये तीनों सांसद एनडीए मीटिंग से दूर रहे।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मंगलवार को दिल्ली में थे और उन्होंने पश्चिम बंगाल के सांसदों के साथ मीटिंग की। इसमें एनसीपीआई के बाकी सांसदों के साथ ही अबू ताहेर, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हम बीजेपी या एनडीए के साथ नहीं हैं लेकिन पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से मीटिंग अपने इलाके के विकास कामों के लिए कर रहे हैं। वे जब भी प्रशासनिक मीटिंग लेंगे हम जाएंगे और अपने इलाके की दिक्कतें बताएंगे, ताकि उनका समाधान हो। दो दिन पहले ही टीएमसी नेता सौगत रॉय ने ये कहकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी थी कि एनसीपीआई में गए कुछ सांसद हमारे संपर्क में हैं और वे टीएमसी में वापस आ सकते हैं।