पहलगाम हमले के तीनों आतंकियों को मार गिराया है- शाह ने संसद में की घोषणा, चिदंबरम को लिया आड़े हाथ

नई दिल्ली। कश्मीर में बीते कल मारे गये तीनों आतंकवादी वही थे, जिन्होंने विगत 22 अप्रैल को पहलगाम में निर्दोषों का खून बहाया था। इस बात की अधिकारिक जानकारी गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में दी। गृह मंत्री ने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत पिछले 24 घंटे में पहलगाम आतंकी हमले के तीन आरोपियों को मार गिराया है। उन्होंने कहा, ये वही आतंकी हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले पहलगाम में निर्दोषों का खून बहाया था।

Jul 29, 2025 - 12:53
Jul 29, 2025 - 13:29
 0
पहलगाम हमले के तीनों आतंकियों को मार गिराया है- शाह ने संसद में की घोषणा, चिदंबरम को लिया आड़े हाथ

-ऒपरेशन सिंदूर पर बहस में बोले अमित शाह- यह पुष्टि हो गई है कि कल कश्मीर में मारे गये तीनों आतंकियों ने ही पहलगाम में निर्दोषों को मारा था

फोरेंसिक जांच से हुई पुष्टि, बरामद हथियारों से हुआ हमला

गृह मंत्री ने बताया कि इन आतंकियों के पास से बरामद हथियारों को तुरंत चंडीगढ़ स्थित फोरेंसिक लैब भेजा गया था। वहां से पुष्टि हुई कि इन्हीं हथियारों का प्रयोग पहलगाम हत्याकांड में हुआ था। उन्होंने कहा कि मारे गये आतंकवादियों ने ही पहलगाम में निर्दोषों को मारा था, इसकी पहचान उन चार लोगों ने भी कर दी है, जिन्होंने इन आतंकियों की मदद की थी। ये चारों मददगार हमने पकड़ लिए थे। उन्होंने कहा कि हमारी एजेंसियां पूरी तत्परता से काम कर रही हैं और अब तक के तथ्यों से साफ है कि तीनों आतंकी पाकिस्तान से भेजे गए थे।

भावुक हुए गृह मंत्री, बोले- छह दिन की दुल्हन विधवा हो गई

ऒपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में चल रही बहस पर बोलते हुए अमित शाह एक पल के लिए भावुक हो गए। उन्होंने कहा, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के चंद घंटों के अंदर मैं वहां मौजूद था। एक छह दिन की शादी वाली बच्ची, विधवा होकर मेरे सामने खड़ी थी…वो दृश्य मैं कभी नहीं भूल सकता। गृह मंत्री ने बताया कि हमले के दिन दोपहर 1 बजे हमला हुआ और वे शाम 5 बजे श्रीनगर पहुंच चुके थे। वहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी।

चिदंबरम पर तीखा हमला: पाकिस्तान को क्यों बचा रहे हैं?

गृह मंत्री ने पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि चिदंबरम सवाल पूछ रहे हैं कि क्या सबूत है कि पहलगाम के हमलावर आतंकी पाकिस्तान से आए? शाह ने कहा, दो आतंकियों के पास पाकिस्तान के वोटर आईडी नंबर तक हैं, हथियार और यहां तक कि उनके पास मिली चॉकलेट तक पाकिस्तान की बनी हैं। चिदंबरम को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने सवाल किया कि एक पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं। पाकिस्तानी आतंकी नहीं, थे, ऐसा बोलकर सबूत मांग रहे हैं। सबूत मांगने तो मुझसे मांगते, मैं देता उन्हें सबूत। चिदंबरम आखिर ऐसा बोलकर किसे बचाना चाह रहे हैं। यह पाकिस्तान को बचाने का एक षडयंत्र है, लेकिन बचा नहीं पाओगे।

अखिलेश यादव को भी लिया आड़े हाथ

अमित शाह जब भाषण में पहलगाम हमले के तीनों आतंकवादियों के मारे जाने की दे रहे थे, तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें बीच में टोका। इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने अखिलेश यादव को आड़े हाथ लिया। अमित शाह ने कहा, शांत रहिए अखिलेश जी, मारे गये आतंकवादियों के धर्म को लेकर इतना दुखी मत होइए। 

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा जारी, आज पीएम मोदी देंगे समापन भाषण

संसद के मानसून सत्र में कल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बहस चल रह है। सोमवार को इस विषय पर लगातार चर्चा हुई, जो देर रात तक चली। आज भी चर्चा जारी है और सदन का माहौल गर्म है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जमकर बहस हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7 बजे सदन को संबोधित करेंगे और चर्चा का समापन भाषण देंगे।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor