मंडलायुक्त ने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए तय की समयसीमा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

आगरा। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मंडल के सभी जिलों के अपर जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि एक साल से अधिक और तीन साल से अधिक लंबित सभी राजस्व वादों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवर न्यायालय को भेजी गई मांग पत्र के अनुसार पत्रावलियां भी समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, चकबंदी से जुड़े वर्षों पुराने सभी लंबित मामलों के भी शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए।

Jun 10, 2025 - 21:37
 0
मंडलायुक्त ने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए तय की समयसीमा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
लंबित राजस्व वादों की मंगलवार को समीक्षा करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह।

मंडलायुक्त सिंह की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से आयोजित कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक में जनपदवार वसूली, स्टाम्प व रजिस्ट्रेशन, परिवहन, विद्युत और खनिज विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के अधिकारियों को वसूली और लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निस्तारण और पोर्टल पर राजस्व न्यायालय के वादों की अद्यतन प्रविष्टि पर भी विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने अंश निर्धारण में त्रुटि सुधार प्रार्थना पत्रों के लंबित आवेदनों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।

समीक्षा में पाया गया कि आगरा और मथुरा की रैंकिंग में सुधार हुआ है, जबकि फिरोजाबाद और मैनपुरी को और तेजी लाने की जरूरत है। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को वाद सुनवाई की तिथि तय कर, आदेशों को पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

SP_Singh AURGURU Editor