मंडलायुक्त का सख्त संदेश: गुणवत्ता से समझौता नहीं, आगरा को मिले विश्वस्तरीय विकास

आगरा। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा संचालित विभिन्न प्रगतिमान परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और स्पष्ट संदेश दिया कि गुणवत्ता से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देशित किया कि कार्य समयबद्ध हों, टिकाऊ हों और शहर की पहचान को निखारने वाले हों।

Jun 26, 2025 - 22:17
 0
मंडलायुक्त का सख्त संदेश: गुणवत्ता से समझौता नहीं, आगरा को मिले विश्वस्तरीय विकास
प्राधिकरण की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह।

-इनर रिंग रोड से लेकर शाहजहां पार्क और आगरा चौपाटी तक किया प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण

इनर रिंग रोड टोल प्लाजा के सौंदर्यीकरण के निर्देश

मंडलायुक्त के निरीक्षण की शुरुआत इनर रिंग रोड स्थित टोल प्लाजा से हुई, जहां निर्माण कार्य प्रगति पर है। मंडलायुक्त ने कहा कि टिन शेड को व्यवस्थित किया जाए, जिससे बारिश का पानी न टपके। टोल केबिन सुव्यवस्थित व आरामदायक बनाए जाएं। सीसीटीवी कैमरे हर वक्त क्रियाशील रहें। भारी वाहनों की सुविधा के लिए दोनों ओर की एक-एक छोटी लेन को बड़ी लेन में बदला जाए। टोल के दोनों ओर हरियाली का घना पट्टा विकसित किया जाए।

ताजगंज जोनल पार्क: गीत गोविंद वाटिका और तुलसी संग्रह

ताजगंज स्थित जोनल पार्क में मंडलायुक्त ने गीत गोविंद वाटिका और म्यूजिकल वॉटर फाउंटेन का अवलोकन किया। यहां उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अवशेष कार्य समय पर पूरे किए जाएं। टूटे पाथवे को तुरंत दुरुस्त किया जाए। तुलसी वाटिका में सभी प्रजातियों की तुलसी लगाई जाएं और प्रत्येक पौधे की जानकारी देने वाला बोर्ड लगाया जाए।

आगरा चौपाटी: बनेगा फूड और मनोरंजन का हॉटस्पॉट

आगरा चौपाटी को एक फूड और एंटरटेनमेंट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रस्तुतीकरण में मंडलायुक्त को बताया गया कि इस हब में गो-कार्टिंग, मिनी गोल्फ, जिपलाइन कोस्टर, वाटर राइडिंग, एंफीथियेटर (120 सीटें), किड्स टॉय ट्रेन, इंडोर-आउटडोर गेम्स आदि होंगे। प्राधिकरण ने इन सुविधाओं के लिए 5 साल का अनुबंध तय किया है। कार्य अगले सप्ताह से आरंभ होगा।

शाहजहां पार्क में संस्कृति वन और स्मारकों का अनोखा संयोजन

प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि शाहजहां पार्क में एडीए संस्कृति वन की संकल्पना पर काम कर रहा है। 22 छोटे ऐतिहासिक स्मारकों का निर्माण प्रस्तावित है। मंडलायुक्त ने कहा कि इन स्मारकों की उंचाई और आधार का ध्यान रखा जाए तथा इनकी संरचना मूल स्मारकों की छवि से मेल खानी चाहिए।

सुभाष पार्क बनेगा वाटर और फन जोन

मंडलायुक्त के निरीक्षण का अंतिम पड़ाव था सुभाष पार्क। यहां मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि वाटर बॉडी में बोट संचालन शीघ्र शुरू हो। फूड कोर्ट संचालन की तैयारी पूर्ण हो। बच्चों के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाए। पर्यटकों के विश्राम के लिए झोपड़ीनुमा हट विकसित किए जाएं।

निरीक्षण में ये अधिकारी शामिल रहे

मंडलायुक्त के निरीक्षण में उनके साथ एडीए वीसी एम. अरुन्मौली, सचिव श्रद्धा शांडिल्य, मुख्य अभियंता केके बंसल, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, अधिशासी अभियंता (विद्युत) आरआरपी सिंह  मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor