एत्मादपुर में कुत्तों का कहर, बच्चों समेत दर्जनभर घायल, 100 से अधिक लोगों को लगे रेबीज इंजेक्शन

आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के अचानक हमलों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। शुक्रवार शाम अलग-अलग गांवों में हुए हमलों में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हालात इतने गंभीर रहे कि शनिवार को एत्मादपुर, बरहन और आंवलखेड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों पर 100 से अधिक लोगों को रेबीज के इंजेक्शन लगाने पड़े।

Jan 10, 2026 - 21:55
 0
एत्मादपुर में कुत्तों का कहर, बच्चों समेत दर्जनभर घायल, 100 से अधिक लोगों को लगे रेबीज इंजेक्शन
इमेज फोटो

मितावली से आंवलखेड़ा तक दहशत, स्वास्थ्य केंद्रों पर लगी भीड़; एक युवक की हालत गंभीर, आगरा रेफर

आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के अचानक हमलों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। शुक्रवार शाम अलग-अलग गांवों में हुए हमलों में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हालात इतने गंभीर रहे कि शनिवार को एत्मादपुर, बरहन और आंवलखेड़ा के स्वास्थ्य केंद्रों पर 100 से अधिक लोगों को रेबीज के इंजेक्शन लगाने पड़े।

गांव-गांव में दहशत, सैकड़ों बने निशाना

एत्मादपुर तहसील के मितावली, नगला गोल, मुखबार, बरहन बिरूनी, नगला पचौरी और आंवलखेड़ा गांवों में आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्तों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। कई बच्चे और महिलाएं चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल कुछ बच्चों को निजी चिकित्सालयों में भर्ती कराना पड़ा।

स्वास्थ्य केंद्रों पर उमड़ी भीड़

शनिवार को नव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहन पर अंशिका (17), आदित्य यादव (21), विनय कुमार (37), सीटू (18), प्रिंस कुमार (5), तेज प्रताप (13), अलीशा गौतम (12), रितेश कुमार (21), बॉबी कुमार (21) और कल्पना (13) सहित दर्जनों लोग रेबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। वहीं एत्मादपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 40 से अधिक और आंवलखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 46 लोगों को रेबीज का टीका लगाया गया।

एक युवक की हालत गंभीर

नगला गोल निवासी विवेक पुत्र दौलत राम को शुक्रवार को कुत्ते ने गंभीर रूप से घायल कर दिया था। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। इसी तरह बरहन बिरूनी निवासी रामा देवी (30) को सिर पर काटे जाने के कारण एंटी-रेबीज सीरम लगाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सिर या गर्दन जैसे संवेदनशील अंगों पर काटने की स्थिति में यह इंजेक्शन बेहद जरूरी होता है।

डॉक्टर की चेतावनी और जरूरी सलाह

आंवलखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र केशरी ने बताया कि कुत्ते के काटने पर घाव को सादे बहते पानी से बार-बार धोएं। खून निकल रहा हो तो कुछ देर निकलने दें। एंटीसेप्टिक क्रीम न लगाएं, घाव को खुला रखें। घाव बड़ा हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। टिटनेस का इंजेक्शन अवश्य लगवाएं। 24 घंटे के भीतर स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर उपचार कराना बेहद जरूरी है। 

विधायक ने लिया हाल-चाल

क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह शनिवार को नगला गोल गांव पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने गंभीर रूप से घायल विवेक के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की बात कही।