आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराकर खाई में गिरी डबल डेकर बस, दो की मौत और 52 घायल
इटावा | आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार-गुरुवार की रात भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एक डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 52 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है।
बस में 60 से अधिक लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और सवारियां इधर-उधर जा गिरीं। राहत और बचाव कार्य के दौरान घायलों को एंबुलेंस से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया, जहां कई की हालत क्रिटिकल बनी हुई है। मरने वालों में 22 वर्षीय महिला सईदा खातून, निवासी नेपाल और 55 वर्षीय मनोज कुमार, निवासी दरभंगा शामिल हैं।
हादसा एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 103 के पास इटावा जिले की सीमा में हुआ। दुर्घटना की प्राइमरी इन्वेस्टिगेशन में पुलिस को जानकारी मिली है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी। वहीं, कुछ यात्रियों का कहना है कि आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाए जिससे बस टकराकर सड़क किनारे खाई में लुढ़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे इटावा के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राहत कार्यों का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फ्यूलिंग, स्पीडिंग जैसे तकनीकी पहलुओं पर भी गौर किया जाएगा। घायलों की सूची तैयार कराई जा रही है और परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास जारी है।