बरेली में चोरी की दर्जनों गुत्थियां एक झटके में सुलझीं, तीन बाइक चोरों के पास से पांच मोटरसाइकिलें, दो स्कूटी, अवैध हथियार और लक्ष्मी–गणेश की चुराई गई मूर्ति बरामद

-आरके सिंह- बरेली। बरेली के थाना किला क्षेत्र में लगातार बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं ने शहर को परेशान कर रखा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने आखिरकार इस चोरी नेटवर्क की रीढ़ तोड़ दी। गश्त के दौरान मिली बड़ी सफलता में बरेली पुलिस ने तीन शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर न केवल चोरी के वाहन बरामद किए, बल्कि एक चुराई गई लक्ष्मी–गणेश की मूर्ति से लेकर अवैध हथियारों तक पूरा अपराधी जाल उजागर कर दिया है। इनकी गिरफ्तारी से शहर में हुई दर्जनों चोरी की घटनाओं का राज़ खुल गया है।

Dec 1, 2025 - 13:51
 0
बरेली में चोरी की दर्जनों गुत्थियां एक झटके में सुलझीं, तीन बाइक चोरों के पास से पांच मोटरसाइकिलें, दो स्कूटी, अवैध हथियार और लक्ष्मी–गणेश की चुराई गई मूर्ति बरामद
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये बाइक चोर गैंग के सदस्य और उनसे बरामद चोरी की मोटर साइकिलें।

30 नवंबर की शाम, थाना किला पुलिस गश्त पर थी कि गंगा मंदिर के पास दौली रघुवर रोड पर तीन संदिग्ध युवक पुलिस को देखते ही घबराकर रुक गए। संदेह होने पर पुलिस ने तलाशी ली तो मामला बड़ा निकला। चोरी की बाइकें, अवैध हथियार और कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए।

पुलिस ने जिन तीन युवकों को पकड़ा है, वे लंबे समय से बाइक चोरी के नेटवर्क में सक्रिय थे। संगम उर्फ सिंघम गुप्ता, संजीव सिंह और सचिन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर इनके ठिकानों पर छापेमारी कर चोरी की 5 मोटरसाइकिलें, 2 स्कूटी, लक्ष्मी–गणेश की धातु मूर्ति, 2 तमंचे 315 बोर, 3 जिंदा कारतूस, और 3,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि यह गैंग सुनसान गलियों से रात में बाइक चोरी करता था। गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाता था। इंजन और चेसिस नंबर तक मिटा देता था। गाड़ियां दूसरे जिलों में बेच दी जाती थीं। इस गैंग की वजह से शहर में दर्जनों चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं।

यह सफलता थाना किला प्रभारी सुभाष कुमार और उनकी टीम को मिली।  टीम में दरोगा राहत कुमार, पवन कृष्ण यादव, वीरभद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सीओ सेकेंड सोनाली मिश्रा ने बताया कि यह गैंग काफी समय से सक्रिय था और इनकी गिरफ्तारी से कई पुराने केस सुलझ गए हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और खरीददार नेटवर्क की तलाश कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor