डीपीएस की सृष्टि बनीं टॉपर! सीबीएसई 12वीं में 99.4% के साथ जिले में नंबर-1, हाईस्कूल रिजल्ट भी घोषित
आगरा। सीबीएसई ने मंगलवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया। इस मौके पर डीपीएस शास्त्रीपुरम की सृष्टि गुप्ता ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले भर में टॉपर की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
सृष्टि ने 12वीं में 99.4% अंक हासिल कर आगरा टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनके इस उपलब्धि से स्कूल में जश्न का माहौल है। वहीं डीपीएस के विनायक अग्रवाल और ग्रेस डेवलपमेंट गोयनका स्कूल की वार्या मल्होत्रा ने 98.8% अंक लाकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। डीपीएस के ही प्रत्युष सिंह ने 98.6% अंक हासिल कर जिले के मेधावी छात्रों की सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की।
जिले में छाई खुशी की लहर
सीबीएसई परिणाम का लंबे समय से इंतजार कर रहे छात्रों ने जैसे ही वेबसाइट पर रिजल्ट देखा, खुशी से झूम उठे। कई छात्र अपने रिजल्ट की पुष्टि करने सीधे स्कूल पहुंच गए, जहां शिक्षकों और साथियों ने उन्हें बधाइयों से नवाजा।
हाईस्कूल का रिजल्ट भी घोषित
12वीं के नतीजों के तुरंत बाद सीबीएसई ने 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट भी जारी कर दिया। शहर के स्कूलों में छात्रों के चेहरे सफलता की चमक से दमक उठे। रिजल्ट घोषित होते ही स्कूलों में सेल्फी और मिठाई का दौर चल पड़ा।
स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने टॉपर्स को सम्मानित करने की तैयारी शुरू कर दी है। छात्रों के शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर आगरा को शिक्षा के क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर ला खड़ा किया है।