डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में ई-रिक्शा भी उतारे गए
आगरा। महानगर को स्वच्छ बनाने की मुहिम के तहत नगर निगम अब ई-रिक्शा मैदान में उतार रहा है। ये ई रिक्शा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की मुहिम का हिस्सा होंगे। ऐसे ही चार ई रिक्शा को मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने सोमवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये चारों ई रिक्शा चार वार्डों में लगाए गए हैं।

नगर निगम परिसर से इन ई रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आगरा की आवोहवा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किये जा रहे हैं। नगर निगम भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। मेयर ने कहा कि ई रिक्शा के जरिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी इसी दिशा में एक और कदम है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि फिलहाल चार ई रिक्शों को चारों वार्डों में एक-एक के हिसाब से भेजा जा रहा है। इनके उपयोग से जहां पेट्रोल और डीजल पर होने वाला व्यय कम होगा वहीं धुएं से होने वाला पाल्यूशन भी घटेगा। धीरे धीरे इस प्रकार के वाहनों की संख्या में वृद्धि की जाएगी।
इन ई रिक्शा में गीले व सूखे कचरे के लिए अन्य वाहनों की तरह ही अलग अलग चेंबर बनाये गये हैं। यह ई रिक्शा एक बार चार्ज करने के बाद सौ किलोमीटर तक चलने में सक्षम है। इस अवसर पर पार्षद प्रकाश केसवानी,शरद चौहान,रवि माथुर, राकेश जैन हेमंत प्रजापति और हेमलता चौहान और नगर निगम के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।