सुबह-सुबह आगरा में सोल फैक्ट्री में लगी आग, सामान जलकर हुआ खाक, टला बड़ा हादसा
सिकंदरा के ब्रजदीप कॉलोनी स्थित जूते के सोल बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार सुबह आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
आगरा। आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित ब्रजदीप कॉलोनी में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जूते का सोल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में जूते के सोल बनाने का काम होता है, जहां ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री मालिक प्रेम सिंह भी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के इलाके में भी नुकसान हो सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस आग के कारणों और नुकसान का आँकलन करने में जुटी हुई है।