आगरा में गेस्ट हाउस में तड़के आग से मची अफरा-तफरी, होटल से कूदे मेहमान, एक की पैर की हड्डी टूटी, 17 लोगों का रेस्क्यू

आगरा। ईदगाह रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एस्सार (एसआरके) होटल में आज तड़के अचानक लगी आग ने हड़कंप मचा दिया। हादसे के समय होटल में ठहरे यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। किचन में लगी आग देखते ही देखते काउंटर तक पहुंच गई और कुछ ही मिनटों में भूतल से ऊपरी मंजिलों तक घना धुआं फैल गया।

Dec 22, 2025 - 13:22
 0
आगरा में गेस्ट हाउस में तड़के आग से मची अफरा-तफरी, होटल से कूदे मेहमान, एक की पैर की हड्डी टूटी, 17 लोगों का  रेस्क्यू
आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते दमकलकर्मी ।

आगरा। ईदगाह रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एस्सार (एसआरके) होटल में आज  तड़के अचानक लगी आग ने हड़कंप मचा दिया। हादसे के समय होटल में ठहरे यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। किचन में लगी आग देखते ही देखते काउंटर तक पहुंच गई और कुछ ही मिनटों में भूतल से ऊपरी मंजिलों तक घना धुआं फैल गया।

धुएं की गंध और शोर से लोगों की नींद खुली तो होटल में चीख-पुकार मच गई। धुएं से घिरे कमरों में फंसे दो लोगों ने जान बचाने के लिए होटल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से एक व्यक्ति की पैर की हड्डी टूट गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में फंसे करीब 17 लोगों को छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल कर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

थाना रकाबगंज क्षेत्र के अंतर्गत ईदगाह रेलवे स्टेशन रोड स्थित इस होटल में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग किचन से शुरू होना बताई जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है।