धरती को इसी हफ्ते मिलेगा 'दूसरा चंद्रमा'

वाशिंगटन। अब जल्द ही धरती को एक नया चंद्रमा मिलने वाला है। वैज्ञानिकों ने इसे 2024पीटी5 नाम दिया है। हालांकि, चंद्रमा की तरह यह हमेशा के लिए पृथ्वी के साथ नहीं रहेगा। यह क्षुद्रग्रह एक मिनी मून होगा, जो लगभग दो महीने तक पृथ्वी की परिक्रमा करेगा और उसके बाद यह अपने मूल गुरुत्वाकर्षण पर वापस लौट जाएगा।

Sep 27, 2024 - 14:11
 0
धरती को इसी हफ्ते मिलेगा 'दूसरा चंद्रमा'

 

अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी के रिसर्च नोट्स में सबसे पहले इस मिनी मून के बारे में बताया गया था। इसमें कहा गया था कि क्षुद्रग्रह 2024 पीटी5 29 सितम्बर से 25 नवम्बर के बीच लगभग दो महीने तक पृथ्वी की परिक्रमा करेगा। वहीं, नासा की गणना के अनुसार, अंतरिक्ष में दिलचस्पी रखने वाले 29 सितम्बर को इसे देख सकेंगे।

मिनी-मून को नंगी आंखों से नहीं देखा जा सकता है। यह बहुत छोटा है और धुंधली चट्टानों से बना है। यहां तक कि इसे घरेलू दूरबीनों से भी देखना मुश्किल होगा। इसे देखने के लिए खगोलीय उपकरणों की जरूरत होगी। खगोलशास्त्री डॉ. जेनिफर मिलार्ड ने बीबीसी के एक प्रोग्राम में बताया कि पेशेवर दूरबीनें ही इसे पकड़ पाएंगी। इसलिए आप इसकी बहुत सारी शानदार तस्वीरें ऑनलाइन देख सकेंगे।

नासा के जेट प्रोपल्शन लैबोरेटरी होराइजन्स सिस्टम से उपलब्ध नवीनतम डेटा के अनुसार, क्षुद्रग्रह की तस्वीरें 29 सितम्बर को दोपहर 3.54 बजे (अमेरिका के स्थानीय समयानुसार) मिलनी शुरू होंगी और 25 नवम्बर को 11.43 पर यह दिखना समाप्त होगा। स्पेस डॉट कॉम ने यह जानकारी दी है।