बुज़ुर्ग माताओं की सुरक्षा को मिला सहारा: आगरा में लायंस क्लब संगिनी ने महिला आश्रम में लगवाए सीसीटीवी
आगरा। लायंस क्लब संगिनी ने न्यू राजामंडी स्थित अपना घर अन्नपूर्णा महिला आश्रम में सेवा कार्य का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य आश्रम में रह रही बुज़ुर्ग माताओं की सुरक्षा और सुविधा को और मजबूत बनाना रहा।
क्लब द्वारा आश्रम में चार सीसीटीवी कैमरे पूर्ण सेटअप सहित इंस्टॉल किए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी रूप मिल सकेगा। कैमरों की स्थापना से आश्रम परिसर की निगरानी पहले से अधिक सुदृढ़ हो सकेगी और वरिष्ठ महिलाओं के लिए एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित होगा।
सेवा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बुज़ुर्ग माताओं को भोजन कराया गया। साथ ही सर्दी के मौसम को देखते हुए गजक, गुड़, मूंगफली, चना और रेवड़ी का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव, अल्पना भार्गव, शिखा जैन और रितु गोयल ने दीप प्रज्वलन कर किया।
क्लब की अध्यक्ष सोनालिका अग्रवाल और सचिव मानसी अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब संगिनी जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने के अपने संकल्प के साथ निरंतर सक्रिय है और आगे भी इस प्रकार के मानवतावादी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर मनीषा जैन, रूपल जैन, नेहा बंसल सहित कई सदस्य मौजूद रहीं।