अतिथि वन समिति का चुनावः लगातार 17वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गये सांसद नवीन जैन

आगरा। सामाजिक सेवा और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बन चुकी अतिथि वन समिति के द्विवार्षिक चुनाव में एक बार फिर विश्वास की मुहर लगाते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन को लगातार 17वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वाटर वर्क्स, बल्केश्वर स्थित अतिथि वन में रविवार को संपन्न हुए इस चुनाव में सर्वसम्मति की मिसाल देखने को मिली, जहां बिना किसी विरोध के पूरी कार्यकारिणी का गठन किया गया।

Apr 5, 2026 - 19:07
 0
अतिथि वन समिति का चुनावः लगातार 17वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गये सांसद नवीन जैन
अतिथि वन समिति के रविवार को हुए चुनाव में फिर से अध्यक्ष चुने गये सांसद नवीन जैन अन्य पदाधिकारियों के साथ।

चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी सीए दीपेंद्र मोहन अग्रवाल के नेतृत्व में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इसमें विनोद अग्रवाल को महामंत्री तथा संजय गुप्ता को अर्थमंत्री निर्वाचित किया गया।

समिति की कार्यकारिणी में पदेन सदस्यों के रूप में अनूप अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, हर्ष गोयल, हरिशंकर अग्रवाल, विजय अग्रवाल एवं उमेश कंसल को शामिल किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में अरुण प्रकाश अग्रवाल, मनीष बंसल, आकाश अग्रवाल, राकेश कुमार जैन, संजय कुमार गुप्ता, रूप किशोर अग्रवाल, बी.एन. अग्रवाल, राकेश मंगल, प्रेम सागर अग्रवाल, मनीष गोयल एवं गोपाल प्रसाद अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई।

निर्वाचन के बाद पदाधिकारियों और सदस्यों ने नवीन जैन का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व में समिति के निरंतर विकास की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर नवीन जैन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अतिथि वन समिति के माध्यम से समाज सेवा और गौ सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न होना इस बात का प्रमाण है कि समिति के प्रति सभी सदस्यों का विश्वास और एकजुटता मजबूत है।

उल्लेखनीय है कि अतिथिवन समिति की आय से लगभग 120 वर्ष पुरानी श्री गौशाला समिति का संचालन किया जाता है। इसके अंतर्गत गोवंश को आश्रय देना, उनकी देखभाल, गौवंश संरक्षण, उत्तम नस्ल की गायों का संवर्धन तथा जरूरतमंद बच्चों को दूध उपलब्ध कराना जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor