रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच भावुक विदाई और जोश भरा स्वागत: आगरा कॊलेज के जंतु विज्ञान विभाग में यादगार समारोह
आगरा कॊलेज के जंतु विज्ञान विभाग में आयोजित फेयरवेल और वेलकम समारोह ने जहां विदाई की भावनाओं को सहेजा, वहीं नए विद्यार्थियों के स्वागत में उत्साह और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला।
आगरा। आगरा कॊलेज के जंतु विज्ञान विभाग में सोमवार को एम.एससी. फाइनल के विद्यार्थियों के लिए विदाई एवं एम.एससी. प्रीवियस के विद्यार्थियों के लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों को जहां पुरानी यादों के साथ भावुक किया, वहीं नए सफर की शुरुआत के लिए उत्साह से भी भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्राचार्य प्रोफेसर पी. बी. झा एवं विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमिता सरकार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विभाग के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर मिस फेयरवेल के रूप में माधवी, मिस्टर फेयरवेल अनुराग, मिस फ्रेशर ट्विंकल तथा मिस्टर फ्रेशर उत्कर्ष का चयन किया गया।
उप प्राचार्य प्रोफेसर पी. बी. झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन का संदेश दिया। अन्य शिक्षकों ने भी अपने प्रेरणादायक विचारों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
विशेष आकर्षण के रूप में प्रोफेसर विश्रांत गुप्ता की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम का सफल संचालन वंदना एवं माधुरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर के. गौतम, उप प्राचार्य प्रोफेसर पी. बी. झा, चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर वी. के. सिंह, प्रोफेसर गौरव कौशिक, प्रोफेसर अमिता सरकार, प्रोफेसर सुमन कपूर, प्रोफेसर विश्वकांत गुप्ता, प्रोफेसर जीनेश कुमार सिंह, प्रोफेसर गीता माहेश्वरी, डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. केशव सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. विष्णु शर्मा, डॉ. माधुरी यादव एवं डॉ. हरइंद्र नाथ शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।