एत्माउद्दौला में ऑटो चोरी गैंग से मुठभेड़, दो लुटेरे गोली लगने से घायल, एक साथी समेत तीनों गिरफ्तार
आगरा। एत्माउद्दौला थाना पुलिस और ऑटो चोरी करने वाले गैंग के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सदस्यों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों और उनके एक अन्य साथी को मौके से दबोच लिया।
• पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने किया फायर, जवाबी कार्रवाई में दो घायल, कबाड़ी से मिलकर काटकर बेचते थे चोरी की ऑटो
आगरा। एत्माउद्दौला थाना पुलिस और ऑटो चोरी करने वाले गैंग के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सदस्यों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों और उनके एक अन्य साथी को मौके से दबोच लिया।
घटना देर रात उस समय हुई जब इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे अपनी टीम के साथ महताब बाग तिराहा के आगे संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान गौतम नगर की तरफ से एक संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तभी ऑटो सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश सोहिल पुत्र नवी मोहम्मद और शशीकपूर उर्फ छुट्टा पुत्र सीताराम, दोनों निवासी एत्माउद्दौला के पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी आकाश पुत्र सुरेश, निवासी एत्माउद्दौला, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मिलकर रामबाग पुल पर खड़ी ऑटो को चोरी करते थे। चोरी के बाद ऑटो को काटने और उसके पार्ट्स बेचने का काम वे अपने साथी कबाड़ी गोविंद, निवासी प्रकाश नगर के साथ मिलकर करते थे। इंजन और अन्य महंगे पुर्जे अलग करके उन्हें बाज़ार में बेच दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे हाल ही में चोरी की गई दो ऑटो के पार्ट्स बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस अब कबाड़ी गोविंद की तलाश में जुटी है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।