एनकाउंटर ऑन नैनीताल रोड: बरेली पुलिस ने एक लाख के ईनामी ‘शैतान उर्फ सोल्जर’ को किया ढेर

-आरके सिंह- बरेली। जिला पुलिस और एसओजी टीम को गुरुवार तड़के बड़ी सफलता मिली जब नैनीताल रोड स्थित बिलवा पुल के पास तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी डकैत शैतान उर्फ इफ्तेखार उर्फ सोल्जर ढेर हो गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी बरामद की है।

Oct 9, 2025 - 11:56
 0
एनकाउंटर ऑन नैनीताल रोड: बरेली पुलिस ने एक लाख के ईनामी ‘शैतान उर्फ सोल्जर’ को किया ढेर
एक लाख के इनामी डकैत शैतान के मारे जाने के बाद घटनास्थल पर पड़ा हथियार, कारतूस और अन्य सामग्री। साक्ष्य संकलन करती पुलिस। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ ऒपरेशन क्लीन स्वीप के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी और तीन थानों की संयुक्त टीम ने इस वांछित अपराधी को ढेर कर बड़ा एक्शन किया।

मारे गए बदमाश शैतान पर सात जिलों में 19 मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या और डकैती के चार गंभीर मामले शामिल थे। वह थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र की डकैती में वांछित था।
एसएसपी ने बताया कि शैतान 2012 में बाराबंकी पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था और आठ साल बाद फिर पकड़ा गया था। इससे पहले उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। 2006 में थाना फरीदपुर के पचौमी मंदिर के पुजारी की हत्या और डकैती की वारदात में भी शामिल था।

मुठभेड़ में एसओजी का हेड कॉन्स्टेबल राहुल गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से एक पिस्टल .32 बोर, दो मैगजीन, 17 जिंदा कारतूस, 28 हजार रुपये, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मारा गया बदमाश दर्जनों नामों से पुलिस को गुमराह करता रहा है। उसका पूरा नाम और पता इस प्रकार है- इफ्तेखार उर्फ धूम उर्फ लड्‌डे उर्फ सोल्जर उर्फ लोधा उर्फ शैतान उर्फ शाकिर उर्फ रोहित पुत्र सादिक उर्फ साबिक, निवासी बरी चौक कादरगंज रोड, कासगंज; हाल पता — जगत बट्टा, ग्राम भूपखेड़ी, थाना टीला मोड़, जनपद गाजियाबाद।

दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस कॊम्बिंग ऒपरेशन जारी रखे हुए है। एसएसपी ने कहा कि अपराध के खिलाफ जीरो टॊलरेंस पॊलिसी पर पुलिस आगे भी ऐसे ही एक्शन लेती रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor