लायंस क्लब आकाश की वर्षांत बैठक में नई टीम का जोश और जनसेवा का संकल्प
आगरा। लायंस क्लब आगरा आकाश की वर्षांत बैठक एक होटल में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम में सेवा, सम्मान और संकल्प की त्रयी के साथ न केवल विगत सत्र का सार प्रस्तुत किया गया, बल्कि आगामी सत्र की टीम का भव्य स्वागत और संकल्पन भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज वंदना और मंडलाध्यक्ष (इलेक्ट) संजीव तोमर के स्वागत से हुई। इसके बाद क्लब की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी- अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, सचिव अनुराधा गुप्ता, कोषाध्यक्ष जसविंदर सिंह, उपाध्यक्ष मुकेश गोयल एवं सुधा गुप्ता को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
सेवा की प्रेरक मिसाल
मंडलाध्यक्ष संजीव तोमर ने क्लब की गौसेवा एवं मानव सेवा में सक्रियता की सराहना करते हुए कहा, लायंस क्लब आकाश समाज में सेवा और संवेदनशीलता की नई परिभाषा गढ़ रहा है। मुझे विश्वास है कि नई टीम इस परंपरा को और ऊंचाई देगी। इस दौरान संजय गुप्ता को रीजन चेयरपर्सन और संजीव गुप्ता को जोन चेयरपर्सन नामित करने की घोषणा भी की गई।
राधा-कृष्ण गौशाला को परमानेंट प्रोजेक्ट बनाया
वर्तमान अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि फाउंड्री नगर स्थित राधा-कृष्ण गौशाला को क्लब ने गोद लेकर टिन शेड और 4500 वर्गफुट पक्का फर्श निर्माण जैसे स्थायी कार्य कराए। यह सेवा कार्य जनसहयोग और समर्पण की मिसाल हैं।
नई टीम का नया संकल्प
नव-निर्वाचित अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने कहा, हमारी प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जनकल्याणकारी सेवाओं को विस्तार देना है। गौसेवा से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा और समाजोत्थान के हर क्षेत्र में क्लब की उपस्थिति और प्रभाव को मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया, सचिव संगीता गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट, तथा कोषाध्यक्ष राजकुमार खन्ना ने वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, सुनील शर्मा, मनोज गुप्ता, मुन्नालाल गुप्ता, पीके मोदी, विजय रोहतगी, विकास अग्रवाल, पवन अग्रवाल, सुबोध यादव, गौरीशंकर गुप्ता, अनमोल गुप्ता, पवन पेंगौरिया, रोहित महेश्वरी, सतीश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।