श्रावण के दूसरे सोमवार की परिक्रमा पर आगरा में भारी वाहनों का प्रवेश कल शाम से पूरी तरह बंद
आगरा। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को बल्केश्वर महादेव पर लगने वाले मेले और शहर के शिवालयों की परिक्रमा के मद्देनजर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। रविवार, 20 जुलाई की शाम चार बजे से सोमवार को परिक्रमा समाप्त होने तक शहर में शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा।
-सुरक्षा और श्रद्धा के संयोजन में प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला, मथुरा-हाथरस की सीमाओं पर भी सख्ती
शहर के सभी प्रवेश मार्ग रहेंगे सील
एमजी रोड समेत शहर के तमाम मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस कमिश्नरेट ने पहले जारी किए गए सभी नो एंट्री पास और अनुमति पत्र भी निरस्त कर दिए हैं। सभी प्रवेश बिंदुओं पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पड़ोसी जनपदों के सहयोग से डायवर्जन
मथुरा, हाथरस और फिरोजाबाद से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं ताकि शहर में किसी भी भारी वाहन का प्रवेश न हो सके। मथुरा और हाथरस पुलिस की सहायता से संबंधित चौराहों और बाईपास पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
भोलेनाथ के भक्तों के लिए खुला रहेगा आस्था का मार्ग
शहर में श्रद्धालु परिक्रमा के दौरान राजेश्वर, पृथ्वीनाथ, कैलाश महादेव, श्रीमनःकामेश्वर, वनखंडी महादेव होते हुए बल्केश्वर महादेव तक पहुंचेंगे। इसी रूट पर रविवार शाम से ही पुलिस और प्रशासन की विशेष तैनाती रहेगी।
आगरा शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध
ट्रैफिक डायवर्जन 20 जुलाई रविवार शाम 4 बजे से 21 जुलाई सोमवार को परिक्रमा समाप्ति तक लागू रहेगा। डायवर्जन प्लान इस प्रकार है-
दिल्ली की ओर से आने वाले भारी वाहन- टाउनशिप चौराहा (थाना रिफाइनरी) से रोका जाएगा और मथुरा पुलिस द्वारा गोकुल बैराज से यमुना एक्सप्रेसवे या वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
हाथरस की ओर से आने वाला ट्रैफिक – हाथरस पुलिस सिकंदराराऊ या मथुरा की ओर डायवर्ट करेगी, आगरा में प्रवेश नहीं मिलेगा।
फिरोजाबाद से मथुरा की ओर जाने वाला ट्रैफिक – कुबेरपुर कट से होकर यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।
मथुरा से फिरोजाबाद जाने वाले भारी वाहन – रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास, रोहता नहर चौराहा, दिगनेर मार्ग, इनर रिंग रोड के रास्ते फिरोजाबाद भेजे जाएंगे। रैपुरा जाट से कुबेरपुर कट तक एनएच-19 पर भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
फिरोजाबाद से ग्वालियर या जयपुर जाने वाले वाहन – कुबेरपुर कट से इनर रिंग रोड, दिगनेर पुलिया, रोहता नहर के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
हाथरस से फिरोजाबाद जाने वाले ट्रक – खंदौली, मुड़ी चौराहा, एत्मादपुर होते हुए एनएच-19 से भेजा जाएगा।
जलेसर (एटा) से आगरा आने वाले भारी वाहन – मुड़ी चौराहा या एत्मादपुर या खंदौली से डायवर्ट कर दिया जाएगा, शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
ग्वालियर से हाथरस की ओर जाने वाले ट्रक – रोहता नहर, दिगनेर पुलिया, तोरा, रमाडा, इनर रिंग रोड होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते हाथरस भेजे जाएंगे।
ग्वालियर से फिरोजाबाद की ओर जाने वाले ट्रक – रोहता नहर, दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड, कुबेरपुर, एत्मादपुर होते हुए भेजे जाएंगे।
ग्वालियर से एटा (जलेसर) की ओर जाने वाले वाहन – रोहता नहर, दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड, एत्मादपुर, टूंडला के रास्ते डायवर्ट किए जाएंगे।
जयपुर से हाथरस की ओर जाने वाले ट्रक – महुअर कट, दक्षिणी बाईपास, ग्राम बाद, रोहता नहर, दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड, यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए भेजे जाएंगे।
जयपुर से फिरोजाबाद की ओर – उपरोक्त मार्ग के माध्यम से एत्मादपुर होकर फिरोजाबाद भेजा जाएगा।
जयपुर से एटा (जलेसर) की ओर – एत्मादपुर, टूंडला के रास्ते डायवर्ट होगा।
जयपुर से ग्वालियर या मथुरा की ओर – महुअर कट से सीधे दक्षिणी बाईपास के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।
फतेहाबाद रोड से ग्वालियर, जयपुर, मथुरा की ओर जाने वाले वाहन – तोरा चौकी, एकता चौकी, दिगनेर पुलिया, रोहता नहर चौराहा, ग्राम बाद, दक्षिणी बाईपास से आगे भेजे जाएंगे।
शमसाबाद रोड से ग्वालियर जाने वाले वाहन – दिगनेर पुलिया, रोहता नहर, सैंया के रास्ते भेजे जाएंगे।
शमसाबाद से जयपुर या मथुरा जाने वाले वाहन – दिगनेर पुलिया, रोहता नहर, ग्राम बाद, दक्षिणी बाईपास से डायवर्ट होंगे।
प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा इन बिंदुओं से
रोहता नहर, पथौली नहर, एनएच-19, रुनकता, कुबेरपुर कट, एत्माद्दौला, खंदौली, मुड़ी चौराहा, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी, मलपुरा आदि। यहां से कोई भी भारी वाहन आगरा शहर में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
Bottom of Form