साइबर ठगों से पुलिस अधिकारी भी नहीं बचे, डिप्टी एसपी की फर्जी आईडी से लाखों की ठगी

आगरा में साइबर ठगों ने डिप्टी एसपी इमरान अहमद के नाम और फोटो से तीन फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी की। पीड़ितों के ट्रांजैक्शन स्क्रीनशॉट के आधार पर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। लगातार बढ़ती साइबर ठगी पुलिस और आमजन दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

Feb 2, 2026 - 12:25
 0
साइबर ठगों से पुलिस अधिकारी भी नहीं बचे, डिप्टी एसपी की फर्जी आईडी से लाखों की ठगी
इमेज फोटो

अधिकारी की फोटो और पहचान का दुरुपयोग, ऑनलाइन भुगतान कराकर उड़ाए रुपये

आगरा। आगरा में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों की पहचान का भी खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं। ताजा मामला सदर क्षेत्र में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (Dy.SP) इमरान अहमद से जुड़ा है, जिनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से ठगी की।

ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर भरोसा जीता और फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान बेचने के बहाने लोगों को झांसे में लिया। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान कराया गया। इस जाल में कई लोग फंस चुके हैं और आर्थिक नुकसान का शिकार बने हैं।

तीन फर्जी फेसबुक अकाउंट से रची गई ठगी की साजिश

डिप्टी एसपी इमरान अहमद के मुताबिक, अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके नाम से फेसबुक पर तीन अलग-अलग फर्जी अकाउंट बनाए। Dy SP Imran Ahmad (Fake), Imran Ahmad Dy SP (Fake), Dy SP Imran Ahmad (Fake)। इन अकाउंट्स के जरिए परिचितों और आम लोगों से संपर्क कर भरोसा कायम किया गया और फिर पैसे ऐंठे गए।

ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट बने अहम सबूत

ठगी के शिकार लोगों ने ऑनलाइन भुगतान से जुड़े ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों से यह साफ हो गया है कि ठग सुनियोजित तरीके से लोगों को निशाना बना रहे थे।

असली फेसबुक आईडी सिर्फ एक

डिप्टी एसपी इमरान अहमद ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सोशल मीडिया पर उनकी केवल एक ही आधिकारिक फेसबुक आईडी है। इसके अलावा उनके नाम से चल रही सभी प्रोफाइल फर्जी हैं और उनका उनसे कोई लेना-देना नहीं है।

साइबर क्राइम थाने में एफआईआर , तकनीकी जांच तेज

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना साइबर क्राइम में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, आईडी लोकेशन, बैंक डिटेल और IP एड्रेस के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही साइबर ठगों तक पहुंच बना ली जाएगी।

लगातार बढ़ रही साइबर ठगी, आमजन में चिंता

आगरा में हाल के दिनों में साइबर ठगी के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। कभी पुलिस अधिकारी तो कभी व्यापारी और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे आम लोगों में भय और अविश्वास का माहौल बनता जा रहा है।