ब्रज का कण-कण वंदनीय, यहां की विभूतियां राष्ट्र की धरोहर : आरिफ मोहम्मद खान, गीतकार संतोष आनंद, आईपीएस नवनीत सिकेरा, डॊ. आरसी मिश्रा समेत ब्रज मंडल की 12 विशिष्ट विभूतियों को मिला ‘ब्रज रत्न अवार्ड’
आगरा। ब्रज की पावन धरा गुरुवार को एक बार फिर गौरव, भावुकता और आत्मगौरव की साक्षी बनी, जब कला, साहित्य, संस्कृति, सेवा और राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान देने वाली ब्रज मंडल की 12 विशिष्ट विभूतियों को एक मंच पर सम्मानित किया गया। अवसर था इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘ब्रज रत्न अवार्ड’ के 9वें संस्करण का, जो होटल जेपी पैलेस कन्वेंशन सेंटर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ।

ब्रज रत्न अवार्ड समारोह की कुछ तस्वीरें।
समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि ब्रजभूमि वह दिव्य धरती है, जहां से भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया, जिसने संपूर्ण विश्व को कर्म, त्याग और सेवा का मार्ग दिखाया। देवताओं, ऋषि-मुनियों और भक्तों की इस भूमि का कण-कण वंदनीय है।
उन्होंने कहा कि समाज को दिशा देने वाली विभूतियों का सम्मान करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
जब राज्यपाल ने थामी संतोष आनंद की व्हीलचेयर

समारोह के दौरान सम्मानित किये गये प्रख्यात गीतकार संतोष आनंद को व्हीलचेयर पर सम्मानित करने के बाद उनके प्रति आदर भाव प्रकट करते राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब प्रख्यात गीतकार संतोष आनंद को सम्मानित करने के लिए राज्यपाल मंच से नीचे उतरे और सम्मान के बाद स्वयं उनकी व्हीलचेयर संभालते हुए दीर्घा तक पहुंचाया। यह दृश्य पूरे सभागार को भावविभोर कर गया और तालियों से वातावरण गूंज उठा।
नौ श्रेणियों में दिए गए सम्मान
इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि ब्रज की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत समृद्ध है और इन विभूतियों ने अपने क्षेत्र में समर्पण भाव से समाज व राष्ट्र की सेवा की है।
सलाहकार समिति के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 से ब्रज मंडल की विशिष्ट प्रतिभाओं को नौ श्रेणियों में यह सम्मान दिया जा रहा है, जिसका चयन लगभग तीन दर्जन सदस्यों की निर्णायक मंडली द्वारा पूर्ण पारदर्शिता से किया जाता है।
आयोजन समिति के चेयरमैन किशोर खन्ना ने कहा कि ब्रज की परंपरा और लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना हम सभी का दायित्व है, और ब्रज रत्न अवार्ड इसी उद्देश्य की सशक्त अभिव्यक्ति है।
फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन राजेश गर्ग एवं डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन नौ वर्षों में प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
इन विभूतियों को किया गया अलंकृत
राष्ट्र गौरव सम्मान
पद्मश्री फ्रेडरिक इरिना ब्रूनिंग — गौसेवक
आईपीएस नवनीत सिकेरा — उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा
अमरत्व सम्मान
स्व. श्री शैलेन्द्र कुमार — हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध गीतकार
ब्रज रत्न अवार्ड
संतोष आनंद — प्रख्यात गीतकार।
पंकज कालरा — फिल्म व टीवी अभिनेता।
हेमंत बृजवासी — गायक।
डॉ. (ब्रिगेडियर) अमरजीत सिंह — चिकित्सक, शिक्षक व पूर्व सैन्य अधिकारी।
प्रो. डॉ. शशि तिवारी — साहित्यकार व कवयित्री।
डॉ. नीलू शर्मा — कथक नृत्यांगना व तबला वादक।
सोनिया शर्मा — पैराशूटर।
ब्रज श्री सम्मान
भगवताचार्य पं. मृदुलकांत शास्त्री।
ब्रज विशिष्ट सम्मान
डॉ. आर.सी. मिश्रा — वरिष्ठ न्यूरोसर्जन।
आयोजन में उमड़ा विशिष्ट जनसमूह
कार्यक्रम में एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, डॉ. अरुण शर्मा, रिंकेश अग्रवाल, डॉ. गिरधर शर्मा, डॉ. पंकज नगाइच, दीपक मनचंदा, राममोहन कपूर, डॉ. वीना लवानिया, राजीव वासन, कुलदीप ठाकुर, राजेश मंगल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, सचिन सारस्वत, डीजीसी अशोक चौबे, कवि पवन आगरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वीडियो प्रस्तुति बनी आकर्षण
सम्मानित विभूतियों के व्यक्तित्व पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। निर्देशन अजय शर्मा व बृजेश शर्मा, स्वर सुधीर नारायण, स्क्रिप्ट आदर्श नंदन गुप्ता, संपादन अविनाश वर्मा व सुहेल यासिन ने किया।
कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष मधुसूदन भट्ट, महासचिव अजय शर्मा एवं संयोजक बृजेश शर्मा ने संभालीं।