आगरा कॉलेज में करियर की राह दिखाने जुटे विशेषज्ञ, युवाओं को शिक्षा से रोजगार तक के अवसरों की दी जानकारी

आगरा। आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में युवाओं को करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणादायक करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और रक्षा सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्हें व्यावहारिक समाधान और मार्गदर्शन दिया गया।

Oct 1, 2026 - 21:12
 0
आगरा कॉलेज में करियर की राह दिखाने जुटे विशेषज्ञ, युवाओं को शिक्षा से रोजगार तक के अवसरों की दी जानकारी
आगरा कॊलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में मौजूद उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का स्वागत करते प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम।

प्रदेश शासन के निर्देश पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में यह सत्र एक अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप करियर का चयन करने तथा कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने मुख्य अतिथि और उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, आधुनिक तकनीक, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से बदलती तकनीकी और रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा सरकारी योजनाओं और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) जैसी योजनाओं के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसरों की भी जानकारी दी।

विशेषज्ञ सत्र में प्रोफेसर अरुणोदय वाजपेई ने भारतीय शिक्षा पद्धति के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने करियर निर्माण के लिए समय प्रबंधन, समस्या समाधान, टीम वर्क, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

केनरा बैंक के मुख्य प्रबंधक सागर गुजराती ने विद्यार्थियों को आर्थिक सशक्तीकरण और वित्तीय अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के साथ मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि योजना के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से अवगत कराया।

कैप्टन (डॉ.) रीता निगम ने भारतीय रक्षा सेवाओं में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने रक्षा सेवाओं में प्रवेश की विभिन्न प्रक्रियाओं, आवश्यक योग्यताओं और युवाओं के लिए उपलब्ध करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के साथ करियर निर्माण के अवसरों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने विभिन्न करियर विकल्पों, शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप करियर विकल्प चुनने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर सुनीता गुप्ता ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विषय विशेषज्ञों, महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में आगरा कॉलेज के उप-प्राचार्य प्रो. पी.वी. झा, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. शशिकांत पांडे, प्रो. ए.के. सिंह, प्रो. भूपेंद्र चिकारा, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. रीता निगम, प्रो. अमित अग्रवाल, प्रो. पूनम चांद, प्रो. मृणाल शर्मा, प्रो. विजय कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के अधिकांश शिक्षक और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor