48 घंटे में पर्दाफाश: दूध विक्रेता के घर से आठ टंकियां व पिकअप चुराने वाले तीन शातिर गिरफ्तार
आगरा। थाना बसई अरेला पुलिस और सर्विलांस पूर्वी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर 48 घंटे में एक बड़ी चोरी का खुलासा कर दिया है। दूध विक्रेता के घर से मैक्स पिकअप और आठ एल्युमिनियम की टंकियां चुराने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रात के अंधेरे में हुई थी चोरी
घटना 20 जून की रात की है, जब राहुल नामक व्यक्ति के घर से चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घरवाले जब नींद में थे, तभी चोर मैक्स पिकअप व दूध की 08 टंकियां चुराकर फरार हो गए। पीड़ित ने 22 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुखबिर सूचना से हुई गिरफ्तारी
एसीपी पिनाहट वीरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि घटना के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर टीमें अलर्ट मोड में थीं। वाहनों की चेकिंग जारी थी कि इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उटंगन नदी पुल पर तीन संदिग्ध चोर देखे गए हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को मौके से दबोच लिया।
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी उजागर
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जयवीर निषाद, संजय और मतेंद्र निषाद के रूप में हुई है, जो फतेहाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई टंकियां और वाहन बरामद कर लिया है।
एसीपी पिनाहट वीरेंद्र कुमार के अनुसार, तीनों चोरों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है और वे पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।