जयपुर हाईवे पर सीकरी बाईपास मोड़ पर ट्रोला की टक्कर से बाइक सवार परिवार गंभीर घायल, घायलों में दो बच्चे भी
आगरा जनपद के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में जयपुर हाईवे पर बाईपास पर शुक्रवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। भरतपुर की ओर से आ रहे एक ट्रोला ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उन्हें आगरा रेफर किया गया है।
आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में जयपर हाईवे पर बाईपास मोड़ पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फतेहपुर सीकरी कस्बे की ओर से सब्जी मंडी की दिशा में जा रही एक बाइक को भरतपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रोले ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार एक पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर से बाइक सवार चारों लोग दूर जा गिरे और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद सभी घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल परिवार बंसी पहाड़पुर, राजस्थान का निवासी बताया जा रहा है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोड बाईपास और जयपुर नेशनल हाईवे का यह हिस्सा लगातार हादसों का केंद्र बना हुआ है। यहां ओवरब्रिज या सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय सामाजिक संगठनों और क्रिटिकल केयर टीम से जुड़े लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी एनएचआई (नेशनल हाईवे अथॉरिटी) के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसके अलावा स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े डग्गामार वाहनों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि ऐसे वाहन यातायात में बाधा बनते हैं और हादसों की आशंका को कई गुना बढ़ा देते हैं।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई, जिससे घायलों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी।