पशुओं के वाड़े में सोता रहा परिवार, पीछे घर से उड़ गया लाखों का माल
बिचपुरी के होली मोहल्ला में बंद मकान से चोरों ने 7–8 लाख रुपये के जेवरात और 20 हजार नकद चोरी कर लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सुबह टूटा ताला देख उड़े होश,डेयरी संचालक के घर से लाखों पर हाथ साफ
आगरा। बिचपुरी कस्बे के होली मोहल्ला में सोमवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया।
पीड़ित हरेंद्र सिंह पुत्र दरियाब सिंह ने बताया कि उनकी कस्बे में दूध की डेयरी है। रोज की तरह सोमवार रात वह अपनी पत्नी गजना के साथ घर में ताला लगाकर कुछ ही दूरी पर स्थित पशुओं के वाड़े में सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। गोदरेज और अलमारी खुली हुई थीं, सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 7 से 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। चौकी इंचार्ज बिचपुरी मोहित मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।