लंदन में चमक बिखेर रही मशहूर मॉडल रत्ना वली का आगरा में हुआ भव्य अभिनंदन
आगरा। कमला नगर की मूल निवासी और अब लंदन में जा बसीं मशहूर मॉडल रत्ना वली व्यास का आज उनके गृह नगर आगरा में सम्मान हुआ। अचानक शहर पहुंची रत्नावली का अभिनंदन लीडर्स आगरा ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उनका उत्साह दोगुना हुआ है और अब वे आगरा का नाम और अधिक रोशन करने के लिए परिश्रम करेंगी। ‘मिस आगरा’ और ‘मिस यूपी’ रह चुकीं रत्ना ने अपने करियर की शुरुआत आगरा और दिल्ली से की और फिर मुंबई होते हुए लंदन तक पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय ख्याति अर्जित की।
मॉडलिंग और विज्ञापन की लंबी पारी
रत्नावली ने मुंबई और लंदन में नामचीन कोरियोग्राफरों के साथ काम किया। उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के लिए विज्ञापन मॉडलिंग की। फिलहाल वे लंदन के प्रसिद्ध फोटोग्राफर जैम्स हेटली और किंथ के लिए मॉडलिंग कर रही हैं। लीडर्स आगरा के महामंत्री और पूर्व पार्षद सुनील जैन ने इलायची की माला पहनाकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर राहुल जैन, हरिकांत शर्मा, सुनील बग्गा, राजदीप ग्रोवर और रोबिन जैन ने पट्टिका भेंट की।
अभिनय और फैशन शो की यात्रा
मॉडलिंग के साथ रत्ना वली ने अभिनय में भी अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ब्रज भाषा की फिल्म ‘ब्रज का बिरजू’, अशोका, महाबली हनुमान, काल भैरव सहित कई टीवी शो और सीरियलों में अभिनय किया। आईआईएफटी, निफ्ट, जेडी इंस्टीट्यूट जैसे मंचों पर उन्होंने रैम्प वॉक किया। उन्होंने इंद्रा थर्मल वियर, उषा सिलाई मशीन, टेली ब्रांड्स के लिए टीवी विज्ञापन किए और अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ कैंट वाटर प्यूरीफायर के विज्ञापन में भी नजर आईं। भारत में फिल्मों के कई ऑफर मिलने के बावजूद उन्होंने उन्हें स्वीकार नहीं किया।
लंदन में मॉडलिंग और रेस्टोरेंट बिज़नेस
लंदन में रत्ना वली ने कई बड़े ब्रांड्स के लिए कैटवॉक किया और वहां अपना खुद का रेस्टोरेंट भी संचालित करती हैं। उन्होंने कहा कि आगरा उनका मूल है और विदेश में रहकर भी वे अपने शहर और देश की संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं।
इस अवसर पर रत्ना वली की बड़ी बहन भावना वली काचरू भी उनके साथ थीं। सम्मान समारोह में वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्ता, राहुल जैन, आदिपिका गुप्ता, शरद गुप्ता, सुनील बग्गा, हरिकांत शर्मा, राजदीप ग्रोवर, रोबिन जैन, राजू सविता समेत लीडर्स आगरा परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।