आगरा में किसान ने राइफल से खुद को गोली मार जीवनलीला समाप्त कर ली, अनुत्तरित सवाल छोड़ गया मृतक
आगरा। खेरागढ़ थाना क्षेत्र के गांव ऊंटगिरि में सोमवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक किसान ने अपनी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 48 वर्षीय शिव कुमार पुत्र निरंजन सिंह के रूप में हुई है। घटना रात करीब दस बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शिव कुमार ने अपने बेड पर बैठकर पैर से ट्रिगर दबाकर खुद को गोली मारी। गोली चलने की आवाज सुनकर घर में मौजूद उसकी पत्नी नीरज और 17 वर्षीय छोटा बेटा अर्पित दूसरे कमरे से दौड़कर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि शिव कुमार खून से लथपथ बेड पर पड़े हैं।
घटना के समय बड़ा बेटा घर पर नहीं था। वह आगरा शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, जबकि मृतक के पिता निरंजन सिंह और माता गांव में ही अलग मकान में रहते हैं।
सूचना मिलते ही खेरागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य संकलन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में इस हृदयविदारक घटना से शोक की लहर फैल गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिव कुमार पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान लग रहा था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।