फतेहाबाद में एसआईआर कार्य का मोहल्लों में सत्यापन करने खुद पहुंचे जिलाधिकारी, बीएलए की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराज़गी
आगरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आज विधानसभा फतेहाबाद क्षेत्र के कई बूथों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब्सेंट, शिफ्टेड और मृतक मतदाताओं की सूची को बूथवार देखते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
12 दिसंबर को अनिवार्य समन्वय बैठक, डीएम ने खुद किया अब्सेंट, शिफ्टेड व मृतक मतदाताओं का सत्यापन
आगरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आज विधानसभा फतेहाबाद क्षेत्र के कई बूथों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब्सेंट, शिफ्टेड और मृतक मतदाताओं की सूची को बूथवार देखते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण का पहला पड़ाव रहा मतदेय स्थल रतन देवी कॉन्वेंट स्कूल, जहां बूथों से संबंधित उपजिला मजिस्ट्रेट फतेहाबाद, एइआरओ , इओ नगर पंचायत, बीएलओ की उपस्थिति में डीएम ने बूथवार जानकारी तलब की। उन्होंने पूछा कि अब्सेंट व शिफ्टेड मतदाताओं की सूची कैसे तैयार की गई, बीएलए को कितनी बार सूचना दी गई और सत्यापन कार्य किस स्तर तक पूरा हुआ।
बीएलए की अनुपस्थिति पर डीएम का सख्त रुख
डीएम को बीएलओज ने बताया कि बार-बार सूचना देने के बाद भी राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए बैठक में उपस्थित नहीं हो रहे। अब्सेंट मतदाताओं के सत्यापन में उनका कोई सहयोग नहीं मिल रहा। इस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 12 दिसंबर 2025 को बीएलओ, बीएलए की अनिवार्य बैठक कराई जाए। सभी बीएलए को लिखित सूचना भेजी जाए। अब्सेंट मतदाताओं की सूची बूथ पर चस्पा की जाए और सभी दलों को उपलब्ध कराई जाए।
डीएम स्वयं पहुंचे मोहल्ला मिश्रान, घर-घर जाकर किया सत्यापन
जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 310 की सूची तलब की और स्वयं मोहल्ला मिश्रान में अब्सेंट मतदाताओं के पते पर जाकर सत्यापन किया। सूची में दर्ज रीना देवी, सावित्री, लक्ष्मी, चंद्रकला आदि के घरों पर ताले लगे मिले। डीएम ने पड़ोसियों से जानकारी ली। पड़ोसी पवन दुबे ने बताया कि ये परिवार किरायेदार थे और पिछले वर्ष ही घर खाली कर जा चुके हैं।
डीएम ने बीएलओ को निर्देश दिए कि पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जाएं। इसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाए। डीएम ने 309 और 310 नंबर बूथ पर भी अधिकारियों की टीम भेजी। जिलाधिकारी ने इओ नगर पंचायत, BDO/AERO और अन्य अधिकारियों को भी अब्सेंट मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर वस्तुस्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
डीएम के निरीक्षण के दौरान उपजिला मजिस्ट्रेट फतेहाबाद सुश्री स्वाति शर्मा, बीडीओ रजत कुशवाहा, इओ नगर पंचायत डीएस वर्मा, संबंधित बीएलओ , सुपरवाइजर एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।