चार दिन बाद दूर हुई खराबी, बरेली से फिर उड़ान भर गया इंडियन एयरफोर्स का ध्रुव हेलीकॉप्टर
बरेली जिले में मीरगंज के सरसों के खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करने वाला इंडियन एयरफोर्स का ध्रुव हेलीकॉप्टर आखिरकार चार दिन बाद पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया। गुरुवार दोपहर जब हेलीकॉप्टर ने फिर से उड़ान भरी, तो स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और रोमांच दोनों महसूस किया।
-आरके सिंह-
बरेली। इंडियन एयरफोर्स के एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर ध्रुव में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने में पूरे चार दिन का समय लग गया। सोमवार अपराह्न मीरगंज थाना क्षेत्र के गोरा लोकनाथपुर गांव पास उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी दिक्कत आने पर क्रू ने तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग की थी। खेत में सुरक्षित उतारे गए हेलीकॉप्टर को दुरुस्त करने का काम उसी शाम से शुरू हो गया था।
त्रिशूल एयरबेस से इंजीनियरिंग यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनज़र खेत में ही टेंट लगाकर पूरी रोशनी की व्यवस्था की गई। लगभग 50 कुर्सियां, उपकरण और तकनीकी मशीनरी लगाकर एयरफोर्स टीम ने रात-दिन जांच और मरम्मत की।
इंदौर और बेंगलुरु से विशेष इंजीनियरिंग टीमें भी पहुंचीं, जिन्होंने लगातार तीन रात तक काम किया। गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी दूर की गई और दोपहर में हेलीकॉप्टर ने सफलतापूर्वक टेस्ट फ्लाइट ली। लैंडिंग के वक्त पायलट, को-पायलट और एक क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित थे।
इमरजेंसी लैंडिंग की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ खेत में उमड़ पड़ी थी। लोगों ने कहा कि हेलीकॉप्टर को इतना नजदीक देखने का मौका पहली बार मिला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और एयरफोर्स के जवानों ने लगातार बैरिकेडिंग कर ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखा। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर तकनीकी टीम को निर्बाध काम करने का माहौल दिया।
इंडियन एयरफोर्स की ओर से बताया गया कि हेलीकॉप्टर रूटीन ट्रेनिंग मिशन पर था और तकनीकी संकेत मिलते ही पायलट ने समझदारी दिखाते हुए उसे सरसों के खेत में सुरक्षित उतार दिया। हेलीकॉप्टर को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
डिफेंस पीआरओ शांतनु प्रताप सिंह ने बताया था कि मीरगंज क्षेत्र में उड़ान के दौरान एएलएच ध्रुव में तकनीकी दिक्कत आई थी। क्रू ने तुरंत सुरक्षित लैंडिंग की। किसी को चोट नहीं आई और हेलीकॉप्टर भी पूरी तरह सुरक्षित है।