आगरा के छत्ता में स्कूटी चार्जिंग के दौरान घर में लगी आग: परिवार को पड़ोसियों ने बचा लिया
आगरा। छत्ता थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को स्कूटी चार्ज करते समय एक घर में अचानक आग लग गई। घर के अंदर लपटें फैलने लगीं, जिससे परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत सीढ़ी लगाकर घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया।
घटना छत्ता बाजार में गोपाल कृष्ण मंगल पुत्र राधा कृष्ण मंगल के आवास पर हुई। परिवार दूसरी मंजिल पर रह रहा था। शुक्रवार रात लगभग 9:00 बजे स्कूटी चार्जिंग के दौरान आग लग गई, जिससे घर के अंदर धुआं और लपटें फैल गईं। इसके बाद घर में रह रहे लोगों ने जोर-जोर से चीख-पुकार शुरू कर दी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत सीढ़ी लगाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में घर की आग पर भी काबू पा लिया गया।
बताया गया है कि गोपाल कृष्ण मंगल के मकान के निचले हिस्से में दुकानें हैं और परिवार पहली मंजिल पर रहता है। दुकानों के पीछे मकान में स्कूटी चार्जिंग में लगी हुई थी। नीचे लगी आग की लपटें बहूत ऊपर तक उठने लगी थीं। इसी वजह से पड़ोसियों ने परिवार के लोगों को सीढ़ी लगाकर खिड़की के रास्ते नीचे उतारा।
मौके पर पहुंचे छत्ता थाना के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और आग की वजह स्कूटी चार्जिंग के दौरान हुई शॉर्ट सर्किट थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों और परिवार ने मिलकर त्वरित कार्रवाई कर बड़ी त्रासदी को टाला।
आगरा में चार्जिंग के दौरान स्कूटी से आग लगने की यह दूसरी घटना है। दो सप्ताह पहले हुए इसी तरह के हादसे में एक बुजर्ग दंपति की जलने से मौत हो गई थी। दपंति जिस कमरे में सो रहे थे, उसी में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी।