आगरा से अपह्रत पांच साल के मासूम को पुलिस ने पांच घंटे के अंदर बरामद कर लिया, आरोपी गिरफ्तार
आगरा। दिल दहला देने वाले अपहरण कांड में आगरा पुलिस ने मानो चमत्कार कर दिखाया। एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र के गढ़ी चांदनी से शुक्रवार शाम अपहृत हुए पांच वर्षीय मासूम को पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। अपहरणकर्ता बच्चे के बदले ढाई लाख रुपये की फिरौती मांग रहा था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्यवाही, सटीक सूचना और सतर्कता ने उसके मंसूबे चकनाचूर कर दिए। हैरानी की बात यह है कि अपरहरणकर्ता गगन मासूम बालक का खास चाचा निकला।
घर के बाहर खेलते हुए उठा ले गया आरोपी
गढ़ी चांदनी निवासी ज्वेलर्स सोनू वर्मा के पांच साल के बेटा जय को शुक्रवार शाम घर के बाहर खेलते समय एक युवक उंगली पकड़कर अपने साथ ले गया था। कुछ देर बाद जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिवार में हड़कंप मच गया। आसपास की गली-मोहल्लों में खोजबीन शुरू हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
स्थानीय लोगों और परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक कैमरे में आरोपी बच्चे को लेकर जाते हुए कैद मिला। फुटेज मिलते ही पुलिस की कई टीमें हरकत में आ गईं। एत्मादुद्दौला थाना प्रभारी के नेतृत्व में इलाके की नाकाबंदी शुरू कर दी गई।
फोन पर ढाई की फिरौती मांगी गई थी
इधर थोड़ी ही देर में बच्चे के पिता को अज्ञात नंबर से फोन आया। सामने वाले ने ढाई लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इससे परिवार सकते में आ गया। मामला तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों खुद कमान संभालते हुए 10 टीमें गठित कीं और तकनीकी सर्विलांस से नंबर की लोकेशन ट्रेस की गई।
लोकेशन ट्रेस कर दबोच लिया आरोपी
पुलिस की सतत निगरानी और पीछा करते हुए संदिग्ध बाइक की लोकेशन का पता चला। शहर की सीमाओं को सील कर दिया गया था। करीब पांच घंटे बाद पुलिस ने अपहरणकर्ता गगन को घेराबंदी में लेकर दबोच लिया। आरोपी के पास से मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
लाल को गोद में लेकर फफक उठी मां
जब मासूम अपनी मां की गोद में लौटा, तो वह फफककर रो पड़ी। पिता ने भावुक होकर कहा कि पुलिस ने हमारे लिए भगवान का काम किया है। जिस तत्परता और संवेदनशीलता से उन्होंने काम किया, वो बेमिसाल है।
डीसीपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने बच्चे को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बचा लिया है। गिरफ्तार आरोपी गगन से पूछताछ चल रही है और उनके नेटवर्क की जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि गगन के साथ इस अपराध में दो-तीन लोग और शामिल थे, जिनके बारे में पता लगाया जा रहा है। इस सफलता ने आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रोफेशनलिज्म को साबित किया है।