आगरा में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण और तिरंगा यात्राओं की रही धूम
आगरा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जश्न का सिलसिला सुबह से लेकर शाम तक चला। इस दौरान हर जगह देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न संगठनों ने अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज फहराया, तिरंगा यात्रा निकाली और नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत की। शहर के प्रमुख स्थलों और पार्कों में आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों नागरिक, शिक्षक, छात्र, कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन का ध्वजारोहण
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आगरा के प्रमुख स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर नागरिकों को देशभक्ति की प्रेरणा दी। उन्होंने सबसे पहले पीएनसी मुख्यालय, भगवान टॉकीज़ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित नागरिकों के साथ राष्ट्रगान गाया। इसके बाद वे शाहगंज स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चन्द्र मोक्ष धाम पहुंचे, जहां अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति और त्याग का प्रतीक बताते हुए कहा कि आज का दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान दें और देशहित में हमेशा आगे बढ़ें। कार्यक्रमों में वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप जैन, योगेश जैन, अशोक कुलश्रेष्ठ, केशव शर्मा, पंकज खंडेलवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों और नागरिकों के उत्साह ने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बना दिया।
टीयर्स संस्थान में बच्चों के साथ उत्सव
टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान, शास्त्रीपुरम में बच्चों और स्टाफ ने मिलकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ रीता अग्रवाल द्वारा झंडारोहण से हुई। बच्चों ने ‘तेरी मिट्टी’, ‘देश रंगीला’ और अन्य देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए।
बच्चों की प्रस्तुतियों में अभय, हर्ष जैन, रितेश, रोहित दिवाकर, रोहित श्रीवास्तव, बुशरा, रचना, आरती, उदीशा जैसे छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। निदेशिका डॉ रीता अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस बच्चों में देशभक्ति की भावना जगाने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का अवसर है।
इस बार स्वतंत्रता दिवस पर मुस्लिम वर्ग में दिखाई दिया जोश
आगरा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुस्लिम समुदाय ने देशभक्ति और एकता का परिचय देते हुए भव्य तिरंगा रैली निकाली। यह आयोजन भारतीय मुस्लिम विकास परिषद, सर्वदलीय मुस्लिम एक्शन कमेटी और ऑल इंडिया हिन्दुस्तानी बिरादरी के तत्वावधान में किया गया। रैली के बाद सर्वदलीय गोष्ठी का आयोजन हुआ जिसकी अध्यक्षता कबीर पुरस्कार से सम्मानित डॉ. सिराज कुरैशी ने की।
डॉ. सिराज कुरैशी ने कहा कि आगरा ऐसा जिला है, जहां हजारों हिन्दू–मुस्लिम भाइयों ने एकजुट होकर अंग्रेजी हुकूमत से लोहा लिया और उन्हें देश से भगाकर आजादी दिलाई। इस संघर्ष में कई लोग शहीद हुए, लेकिन उनके परिवारों ने हिम्मत नहीं हारी। यही कारण है कि आज हम आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं।
इस अवसर पर सय्यद इरफान सलीम ने कहा कि कुछ अवांछनीय तत्व ऐसे मौकों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करते हैं, लेकिन सच्चे देशभक्त उनकी हर साजिश को नाकाम कर देते हैं। कार्यक्रम का संचालन समी आगाई ने किया और सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी।
भारतीय हलधर किसान यूनियन की तिरंगा यात्रा
भारतीय हलधर किसान यूनियन ने स्वतंत्रता दिवस पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा किसानों में देशभक्ति की भावना जागृत करने और समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा की शुरुआत रामबाग टेढ़ी बगिया से हुई और यह प्रमुख मार्गों से होते हुए किरावली मिढ़ाकुर के एम एस गार्डन तक पहुंची। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण गोपाल भदौरिया ने मंच से किसानों की समस्याओं पर सरकार से समर्थन मूल्य, सिंचाई, बीमा और कर्ज़ राहत जैसे मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
बिचपुरी में भाजपा कार्यकर्ताओं की तिरंगा यात्रा
भाजपा आगरा के बिचपुरी मंडल के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष रविंद्र चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा के दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” जैसे नारों से माहौल गूंजायमान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को नमन किया और देश सेवा का संकल्प लिया।
भाविप समर्पण शाखा का स्कूल ध्वजारोहण
भारत विकास परिषद समर्पण शाखा ने रामबाग स्थित श्यामलाल सरस्वती शिशु मंदिर में स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण किया। अध्यक्ष विजित गुप्ता ने कहा कि यह झंडा राष्ट्रीय प्रेम और बलिदान की याद दिलाता है। हमारे पूर्वजों के बलिदान के कारण आज हमें स्वतंत्रता मिली है। प्रधानाचार्य उत्तम सिंह ने सभी का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर सचिव नवनीत गर्ग, वित्त सचिव संजीव मित्तल, निशी दौनेरिया, उमेश गोयल, देवेंद्र मंडलास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। छात्रों ने झंडे को सलामी दी और राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
भाविप नवज्योति शाखा का पार्क कार्यक्रम
भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा ने कमला नगर बी ब्लॉक पार्क में झंडारोहण किया और बच्चों में देशभक्ति की भावना जगाई। मुख्य अतिथि पीसीएस आरुषि गुप्ता ने तिरंगे को सलामी दी। अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हमें उन वीर सपूतों को याद करना चाहिए, जिनके बलिदान से हमें आजादी मिली।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, अनुराग भटनागर, नीलू जैन, नरेंद्र गर्ग, वीरेंद्र गर्ग, रामकिशन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बच्चों को मिष्ठान वितरित किए गए और झंडे के साथ राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए।
बीवीआरआई में प्राचार्य ने फहराया तिरंगा
बलवंत विद्यापीठ रुरल संस्थान, बिचपुरी में प्राचार्य सीमा भदोरिया ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवकों ने मार्च पास कर झंडे को सलामी दी। प्राचार्य ने कहा कि शिक्षा से संस्कारित युवा ही देश के अच्छे नागरिक बनेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिरुचि विकसित करने और कॉलेज को अधिक समय देने का आह्वान किया। अंत में सभी छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किए गए और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए राष्ट्रगान गाया गया।