बगदा जैन मंदिर में धर्मध्वजा लहराई: उपाध्यायश्री विहसंतसागर महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश

आगरा। आगरा जनपद के शमसाबाद रोड स्थित बरौली अहीर क्षेत्र के बगदा गांव में गुरुवार को धर्म, श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम उस समय देखने को मिला, जब मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंतसागर महाराज ससंघ का नवनिर्मित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, बगदा में भव्य एवं ऐतिहासिक मंगल प्रवेश संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर समूचा क्षेत्र धर्ममय वातावरण से सराबोर हो उठा।

Jan 22, 2026 - 20:34
 0
बगदा जैन मंदिर में धर्मध्वजा लहराई: उपाध्यायश्री विहसंतसागर महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश
बगदा जैन मंदिर के मंगल प्रवेश के मौके की मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंतसागर महाराज की तस्वीर।

प्रातःकाल उपाध्याय श्री ससंघ शमसाबाद से मंगल विहार करते हुए बगदा पहुंचे। जैसे ही गुरु ससंघ मंदिर परिसर में प्रविष्ट हुआ, सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा भावपूर्ण स्वागत किया गया। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। समाजजनों ने पुष्पवर्षा, मंगल वादन और जयघोष के साथ उपाध्याय श्री एवं ससंघ का अभिनंदन किया।

मंगल प्रवेश के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर धर्म लाभ अर्जित किया और गुरु ससंघ के चरणों में श्रद्धा निवेदित की। कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठ जनों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उपाध्याय श्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज बगदा की ओर से कहा गया कि उपाध्याय श्री विहसंतसागर महाराज ससंघ की उपस्थिति से समाज में नैतिक मूल्यों और आत्मशुद्धि की भावना को नई दिशा मिली है।

पूरे आयोजन के दौरान बगदा सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन तक वातावरण भक्ति, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत बना रहा। इस अवसर पर बगदा का सकल जैन समाज पूर्ण रूप से उपस्थित रहा।

SP_Singh AURGURU Editor