आगरा के एक गांव की बंद गली में मिला भ्रूण, आक्रोश और पीड़ा से भर उठ गांव वाले

अछनेरा (आगरा)। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव बसइया राजपूत में शुक्रवार सुबह एक बंद गली में नवजात भ्रूण मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। यह गली गांव के एक बंद मकान के पास स्थित है और वर्षों से बंद होने के कारण यहां अक्सर कूड़ा फेंका जाता रहा है।

Jun 27, 2025 - 18:06
 0
आगरा के एक गांव की बंद गली में मिला भ्रूण, आक्रोश और पीड़ा से भर उठ गांव वाले
बसइया राजपूत गांव में मिला भ्रूण।

सुबह करीब 10 बजे एक महिला जब घर के चूल्हे की राख फेंकने निकली तो उसकी नज़र भ्रूण (जो शिशु आकार में था) पर पड़ी। यह मंजर देखकर वह स्तब्ध रह गई और तुरंत शोर मचाया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भ्रूण को देखकर हर किसी की आंखों में आक्रोश और दिल में असहनीय पीड़ा थी।

सूचना पर अछनेरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

गांव में गूंजा दर्द और गुस्सा

इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली हरकत है। ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि भ्रूण को गांव के बाहर से लाकर यहां फेंका गया होगा।

फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस अमानवीय घटना के पीछे की असल कहानी सामने आ सकेगी।

SP_Singh AURGURU Editor