कोहरे में जीवन रक्षक पहल: कुबेरपुर पर हेल्प आगरा ने की 24 घंटे एम्बुलेंस की तैनाती

आगरा। लगातार बढ़ते कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए हेल्प आगरा संस्था ने एक सराहनीय और जीवन रक्षक पहल की है। संस्था ने अपनी एक एम्बुलेंस को एत्मादपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबेरपुर चौकी के पास, नरेंद्र फिलिंग स्टेशन पर 24 घंटे के लिए तैनात किया है, ताकि किसी भी हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को समय पर चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा सके।

Dec 29, 2025 - 18:57
 0
कोहरे में जीवन रक्षक पहल: कुबेरपुर पर हेल्प आगरा ने की 24 घंटे एम्बुलेंस की तैनाती
हेल्प आगरा की ओर से कुबेरपुर में तैनात की गई एम्बुलेंस।

हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बताया कि यह एम्बुलेंस सेवा पूर्णतः निःशुल्क है। एम्बुलेंस संख्या UP80 HT पर मोबाइल सुविधा भी स्थापित की गई है। मोबाइल नंबर 9548105672 पर सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल रवाना की जाएगी। इसके अतिरिक्त हेल्प आगरा एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे इन नंबरों पर भी उपलब्ध रहती है—9319111000, 9319002102 एवं 0562-4304102।

संस्था के महासचिव गौतम सेठ ने बताया कि इस सेवा की उपयोगिता और प्रभाव को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण तथा कुबेरपुर पुलिस चौकी को पत्र के माध्यम से सूचना दे दी गई है। कुबेरपुर चौकी पुलिस ने हेल्प आगरा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रात्रि के समय किसी दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में पहले काफी कठिनाई आती थी, जिसे अब इस तैनाती से काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

उल्लेखनीय है कि हेल्प आगरा एम्बुलेंस सेवा आगरा नगर निगम सीमा तक दुर्घटनाग्रस्तों और मृतकों के मामलों में निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है, जिससे असंख्य लोगों को समय पर सहायता मिल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor