यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव पर होटल के केबिन में घुसकर चाकू-हथौड़े से वार, आरोपी फरार

फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड व्यू में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव एवं होटल संचालक किशनवीर चौधरी पर एक व्यक्ति ने चाकू और हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने केबिन में घुसकर पहले गर्दन पर चाकू अड़ाया और फिर सिर व कंधे पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल किशनवीर चौधरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। थाना ताजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jun 6, 2026 - 01:51
 0
यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव पर  होटल के केबिन में घुसकर चाकू-हथौड़े से वार, आरोपी फरार
यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव किशनवीर चौधरी का फाइल फोटो।

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित फतेहाबाद रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव एवं होटल संचालक किशनवीर चौधरी पर उनके ही होटल में जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड व्यू में किशनवीर चौधरी अपने केबिन में मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति होटल में पहुंचा और सीधे उनके केबिन में घुस गया। आरोप है कि हमलावर अपने साथ एक बैग लेकर आया था, जिसमें उसने चाकू और हथौड़ा छिपा रखा था।

बताया जा रहा है कि केबिन में पहुंचते ही आरोपी ने अचानक हमला बोल दिया। पहले उसने किशनवीर चौधरी की गर्दन पर चाकू अड़ाकर उन्हें धमकाया और इसके बाद हथौड़े से उनके सिर और कंधों पर ताबड़तोड़ वार किए। अचानक हुए हमले से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

हमले में किशनवीर चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग निकला। आरोप है कि जाते समय उसने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलने पर थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे हमलावर की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना ताजगंज में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह, आपसी रंजिश, कारोबारी विवाद या अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटना ने क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।