भाजपा के स्थापना दिवस पर किसान मोर्चा अध्यक्ष राज कुमार चाहर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात, चुनाव पर चर्चा
आगरा/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संगठन को लेकर भी चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान पांच राज्यों के विधान सभा चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, खासकर पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु जैसे प्रमुख राज्यों में किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में श्री चाहर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी। श्री चाहर ने जानकारी दी कि मोर्चा के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनावी राज्यों में पूरी ताकत और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने चुनावी राज्यों में किसान मोर्चा की भूमिका को अहम बताते हुए हर स्तर पर समन्वय और मेहनत से कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक पहुंच और किसानों से जुड़ाव को प्राथमिकता देने की रणनीति पर भी सहमति बनी। स्थापना दिवस के मौके पर यह मुलाकात पार्टी के चुनावी अभियान को नई दिशा देने वाली रही।