भाजपा के स्थापना दिवस पर नरी सेमरी में सजा मां का दरबार, छप्पन भोग और भजन संध्या
आगरा/मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मथुरा के नरी सेमरी माता मंदिर में भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का भव्य नजारा देखने को मिला। नरी सेमरी देवी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मां का दिव्य दरबार सजाया गया, जहां फूल बंगला, छप्पन भोग और भजन संध्या के जरिए श्रद्धालुओं ने भक्ति में डूबकर सहभागिता की।
इस भव्य आयोजन का संयोजन भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल द्वारा किया गया। सोमवार को नरी सेमरी स्थित आगरा धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
पूरे परिसर में भक्ति रस की धारा बहती रही। हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया। भजन संध्या में गूंजते भजनों- मेरे घर आई एक नन्ही सी माता, सुख-समृद्धि का लाई ये नाता…ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक जीएस धर्मेश, मेयर आगरा हेमलता दिवाकर कुशवाह, मेयर मथुरा विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता एवं आरएसएस के वरिष्ठ नेता श्री दिनेश द्वारा मां की आरती उतारकर किया गया।
इस अवसर पर मुकेश जौहरी, अमित अग्रवाल, विनोद जौहरी, ऋषभ अग्रवाल, नितिन जौहरी, मोनिका जौहरी, शिल्पी अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राकेश अग्रवाल, राजेश राठौर, कुलदीप शिवहरे, महावीर प्रसाद मंगल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन के माध्यम से न केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन हुआ, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी सशक्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और समाजसेवियों का स्वागत टीएन अग्रवाल एवं आशा अग्रवाल द्वारा किया गया।