बाह के सिंघावली में राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास, उच्च शिक्षा का खुल रहा नया अध्याय
बाह क्षेत्र के सिंघावली–बटेश्वर में रविवार को प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय का शिलान्यास उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विधायक पक्षालिका सिंह के साथ भूमि पूजन कर किया, जिसे बाह क्षेत्र में शिक्षा के नए युग का शुभारंभ माना जा रहा है।
आगरा। बाह के सिंघावली–बटेश्वर क्षेत्र में लंबे समय से अपेक्षित राजकीय महाविद्यालय की स्थापना का रास्ता आखिरकार खुल गया है। रविवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने क्षेत्रीय विधायक पक्षालिका सिंह के साथ विधिवत भूमि पूजन कर महाविद्यालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बाह क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नवीन आयाम खुलने जा रहे हैं। योगी सरकार में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं और शिक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक रानी पक्षालिका सिंह के निरंतर प्रयासों के कारण सरकार बाह क्षेत्र में लगातार दो-दो महाविद्यालय स्वीकृत कर चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि विधायक ने तीसरे महाविद्यालय की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी है, जिस पर सरकार गंभीरतापूर्वक विचार करेगी।
मंत्री ने कहा कि ये महाविद्यालय न केवल शिक्षा का विस्तार करेंगे, बल्कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में महायज्ञ की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षा और चिकित्सा को आम जनमानस की पहली आवश्यकता मानकर लगातार मूलभूत सुधार कर रहे हैं। यूपी में न केवल शिक्षा का विस्तार हो रहा है बल्कि गुणवत्तापरक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विधायक पक्षालिका सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह महाविद्यालय बाह क्षेत्र के युवाओं के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने जनता से सहयोग और समर्थन बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान भूमि पूजन पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ और उपस्थित जनसमूह ने क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।