शरद की ठंडी हवा संग बही संस्कृति की महक, आगरा में भाविप संपर्क का उमंग से मना शरदोत्सव
रचनात्मकता, संस्कृति और प्रकृति के अद्भुत संगम के बीच आगरा में शरद ऋतु स्वागत उत्सव पूरे सौंदर्य और उल्लास के साथ मनाया गया, जहां पारंपरिक संगीत, नृत्य और सामाजिक सहभागिता ने वातावरण को शरद रंग में रंग दिया।
आगरा। भारत विकास परिषद संपर्क शाखा की ओर से शरद ऋतु स्वागत उत्सव का आयोजन सिकंदरा स्थित मधु रेसॉर्ट में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक वीरेंद्र सिंघल और बिजेन्द्र सिंह वर्मा ने दीप जलाकर कर की।
अध्यक्ष डॉ. दिग्जेंद्र सिंह ने बताया कि शरद ऋतु के आगमन का स्वागत पारंपरिक संगीत की मोहक स्वरलहरियों और ऋतु-प्रेरित नृत्य प्रस्तुतियों से किया गया। सदस्यों ने बदलते मौसम, प्रकृति और शरद की शीतलता को अपने पारंपरिक परिधानों और प्रदर्शन के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
सचिव इना फौजदार के अनुसार, उत्सव का उद्देश्य शरद ऋतु की प्राकृतिक छटा को रचनात्मकता, संस्कृति और समुदाय की सहभागिता के माध्यम से मनाना था, ताकि समाज में प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिल सके। बच्चों के लिए मनोरंजक खेल, युवाओं के लिए लघु-नाटक और रचनात्मक गतिविधियों ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
परिषद द्वारा पेश किए गए पारंपरिक व्यंजन और शरद ऋतु-थीम आधारित कला प्रदर्शनी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। लोगों ने इन व्यंजनों और प्रदर्शनों में भारतीय संस्कृति की विविधता और शरद ऋतु की सुंदरता की झलक देखी।
कार्यक्रम में अभिनव भटनागर, प्रवीण जैन, पूर्णिमा वर्मा, वीरेंद्र कुमार जैन, डॉ. रश्मि कपूर, नितिका भटनागर, अजीत फौजदार, विष्णु अग्रवाल, राजेश वर्मा समेत कई सदस्य एवं अतिथि मौजूद रहे।