'गर्ल बॉस' की राखी फिएस्टा प्रदर्शनी में सजी सावन की खुशबू, महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना की भावना के अनुरूप 'द गर्ल बॉस लेडीज ग्रुप' द्वारा बुधवार को लाजपत कुंज स्थित ‘द बंगलो कैफे’ में ‘राखी फिएस्टा प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आगामी रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे प्रमुख हिन्दू पर्वों की खरीदारी को सुलभ बनाना और घरेलू महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देना रहा।

Jul 31, 2025 - 21:16
 0
'गर्ल बॉस' की राखी फिएस्टा प्रदर्शनी में सजी सावन की खुशबू, महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच
‘द गर्ल बॉस’ द्वारा आयोजित राखी फिएस्टा प्रदर्शनी का अवलोकन करतीं डॉ. जस्नीत ढींगरा कपूर, साथ में मौजूद आयोजक एवं अन्य महिलाएं।

प्रदर्शनी का शुभारंभ आगरा की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जस्नीत ढींगरा कपूर ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में कुल 14 स्टॉल लगाए गए, जिनमें अधिकांश सामान हाथ से निर्मित था। खासतौर पर राखियां, श्रीकृष्ण जी की विशेष राखियां, हस्तनिर्मित झूले, आभूषण और सजावटी वस्तुएं महिलाओं ने बड़े उत्साह से खरीदीं।

इस आयोजन के माध्यम से न केवल घरेलू महिलाओं की प्रतिभा को मंच मिला, बल्कि उन्हें आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में भी प्रेरणा मिली। गर्ल बॉस जैसे मंच महिलाओं के लिए सृजनात्मकता को व्यवसाय में बदलने का अवसर बन रहे हैं।

मुख्य अतिथियों में महिला पंजाबी सभा महानगर अध्यक्ष नीरू कालरा, भावना नागपाल, रूबी भांबरी, डॉ. जस्नीत ढींगरा कपूर, शुभी, आशिता, एकता, रुनिका सहित शहर की अनेक प्रतिष्ठित महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

SP_Singh AURGURU Editor